
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर तहसील के ग्राम बारीडीह में कुदरत और प्रशासनिक अनदेखी की दोहरी मार से ग्रामीण बेहाल हैं। तेज बारिश में घर ढहने और सड़क चौड़ीकरण में जमीन चले जाने के बाद पीड़ित परिवार मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को अपनी आपबीती सुनाते हुए क्षति का तत्काल मूल्यांकन कराकर लंबित मुआवजा राशि दिलाने की मांग की हैं।
ग्राम बारीडीह निवासी कार्तिक राम यादव ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पूर्व में हुई मूसलाधार बारिश के चलते उनका कच्चा मकान पूरी तरह जर्जर होकर भरभराकर गिर पड़ा। सिर से छत छिन जाने के कारण पूरा परिवार मलबे और टूटे मकान के साए में रहने को विवश है। मजदूरी से परिवार चलाने वाले कार्तिक के पास मकान दोबारा बनाने लायक पूंजी नहीं है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण दर्ज कर आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।
दूसरी ओर इसी गांव के अनुराग कुमार जायसवाल की निजी स्वामित्व वाली भूमि और मकान की बाउंड्रीवाल एनएच-45 सड़क निर्माण के दायरे में आ गई थी। विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहित कर ली गई, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उन्हें तय मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया। आवेदक ने बताया कि सड़क निर्माण से जहां एक ओर उनका आशियाना प्रभावित हुआ, वहीं दूसरी ओर विभाग के चक्कर काटने के बाद भी हक का पैसा नहीं मिल पा रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम और संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने, क्षति का वास्तविक आंकलन तैयार करने तथा नियमानुसार मुआवजा स्वीकृत कर शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दिए है।
भैसाझार में उद्वहन सिंचाई योजना शुरू करने की मांग
ग्राम पंचायत भैसाझार के सरपंच ने गांव में उद्वहन सिंचाई योजना का लाभ दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसान पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं। सिंचाई सुविधा नहीं मिलने से फसलों की पैदावार प्रभावित हो रही है। योजना लागू होने से किसानों को समय पर पानी मिलेगा और खेती में सहूलियत होगी।
लाखासार में क्षतिग्रस्त केबल से खतरे की आशंका
तखतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लाखासार के सरपंच ने जर्जर व क्षतिग्रस्त विद्युत केबल का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि तार क्षतिग्रस्त होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और बिजली आपूर्ति भी बाधित रहती है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विद्युत लाइन और केबल का सुधार कार्य जल्द कराने की मांग की हैं।
मत्स्य संपदा योजना से पांच लाख बीमा राशि की गुहार
संतोष कुमार लोनिया ने हादसे में जान गंवाने वाले अपने पुत्र की दुर्घटना बीमा राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सभी आवश्यक दस्तावेज और जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संबंधित विभाग व न्यायालय से पत्राचार के बावजूद पांच लाख रुपये की बीमा राशि अभी तक लंबित है।
सूची में नाम दर्ज होने पर भी नहीं मिला गैस कनेक्शन
चिंगराजपारा निवासी गनेशिया मानिकपुरी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभ न मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि गैस कनेक्शन के लिए आफलाइन आवेदन किया था। आबंटन सूची में नाम शामिल होने के बावजूद आज तक कनेक्शन नहीं मिला, जिससे उन्हें चूल्हे के धुएं में भोजन पकाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
भू-अभिलेख और धान पर्ची में नाबालिग त्रुटि सुधार की मांग
सकरी तहसील के केकराड़ निवासी शिवकुमार धु्रव ने राजस्व रिकार्ड में सुधार कराने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पिता के नाम दर्ज जमीन के रिकार्ड और धान पर्ची में उनका नाम नाबालिग दर्ज हो गया है। बालिग होने के बाद भी यह त्रुटि नहीं सुधरने से धान विक्रय और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।
वर्जन...
जनदर्शन में लोग अपनी समस्या का निराकरण होने की उम्मीद में पहुंचते है। हमारी प्राथमिकता रहती है कि हर समस्या का तत्काल निराकरण कर लोगो को राहत दी जाए। पूर्व में आई शिकायतों की समीक्षा की गई है, आई हुई शिकायतों व मांग का जल्द निराकरण करने सभी विभागिय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर