
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: अरपा नदी के तट पर एक बार फिर लोक आस्था का सबसे बड़ा संगम सजने जा रहा है। छठ महापर्व को लेकर बिलासपुर में इस बार उत्साह के साथ तैयारियां भी व्यापक स्तर पर चल रही हैं। 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा अब सामाजिक सहभागिता का बड़ा स्वरूप ले चुकी है। आयोजन समिति और नगर निगम घाट से लेकर पहुंच मार्ग तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। अब छठ किसी एक समाज का नहीं, बिलासपुर की सामूहिक आस्था का उत्सव बन चुका है।
पहले बिलासपुर में कुछ यूपी-बिहार के लोग ही छठ व्रत मनाते थे, लेकिन अब शहर के बहुत सारे समाज के लोग इस पर्व से जुड़ने लगे हैं। अरपा तट पर छठ आयोजन अब केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं, सामाजिक एकजुटता और साझा संस्कृति का प्रतीक बन रहा है। इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय आयोजन होगा।
13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ अनुष्ठान शुरू होंगे। इसी दिन माता अरपा की महाआरती आकर्षण का केंद्र रहेगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ व्रतियों के पारण और महापर्व का समापन होगा।
घाट पर पूजा के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन करेंगे। घाट के दोनों ओर पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए भी पहल की गई है। समिति के अनुसार संबंधित ठेकेदारों से चर्चा हुई है और समय पर सड़क दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने छठ व्रतियों से कुछ विशेष आग्रह भी किया है। घाट पर पहले पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पहले स्थान दिया जाएगा। दौरा रखने के लिए समिति की ओर से जगह उपलब्ध कराई जाएगी। घाट पर अपना नाम या स्थान आरक्षित बताकर लिखने की अनुमति नहीं होगी। इस तरह के लिखे निशान मिटा दिए जाएंगे। श्रद्धालु घाट की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। समिति का कहना है कि हर व्रती को पूजा के लिए उचित स्थान दिलाना उनकी जिम्मेदारी है।
छठ पर्व की उत्पत्ति को महाभारत काल से जोड़कर देखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार सूर्यपुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे। सूर्य की उपासना से उन्हें विशेष शक्ति और तेज प्राप्त हुआ। इसी प्रसंग को जल में खड़े होकर अर्घ्य देने की परंपरा से जोड़ा जाता है। सूर्य देव की आराधना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता इस लोकपर्व की विशेष पहचान है।
पंडित संदीप ज्योतिषी के अनुसार छठ पर्व सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित कठिन साधना का महापर्व है। इसमें व्रती शुद्धता, संयम और नियमों का विशेष पालन करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि छठी मैया की आराधना से संतान की खुशहाली, परिवार की उन्नति और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में निरंतरता, कृतज्ञता और प्रकृति के सम्मान का संदेश देती है।