
नईदुनिया न्यूज, गौरेला : तीन दिन से हो रही भारी वर्षा के बाद ज्वालेश्वर-अमरकंटक मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हो गया। ज्वालेश्वर के पास पहाड़ी सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसकर खाई में जा समाया। सामने आए वीडियो में सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह कटता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है और भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है।
भूस्खलन के बाद इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने से ज्वालेश्वर क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस मार्ग के जरिए जिला मुख्यालय गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच सड़क और पहाड़ की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने स्थिति का जायजा लिया। रविवार को क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया।
लगातार बारिश से अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग धंसा, भारी वाहनों की आवाजाही बंद

लगातार बारिश के बाद सड़क का इतना बड़ा हिस्सा खाई में गिरना संबंधित विभाग के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। हालांकि भूस्खलन के वास्तविक कारण का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना ने पहाड़ी मार्गों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल पेंड्रा रोड से अमरकंटक जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं। यात्रियों को क्षतिग्रस्त सड़क से होकर आवागमन नहीं करने की सलाह दी जा रही है। मार्ग की मरम्मत का काम जारी है और सोमवार को ज्वालेश्वर मार्ग को आवागमन के लिए खोलने की बात कही जा रही है।