
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर : रेलवे क्षेत्र में मार्निंग वाक पर निकले प्रापर्टी डीलर पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। सड़क पर टहल रहे लोगों के आने पर हमलावर भाग निकले। घायल प्रापर्टी डीलर को मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है।
घायल के बेटे ने इसकी शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।पुराना बस स्टैंड के पास निराला नगर में रहने वाले श्याम कश्यप प्रापर्टी डीलर हैं। वे शनिवार की सुबह करीब छह बजे मार्निंग पर निकले थे।
वे रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। तभी तीन नकाबपोश उनके पास पहुंचे। नकाबपोश युवकों ने प्रापर्टी डीलर को जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियार से हमला भी किया। हमले में प्रापर्टी डीलर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास सड़क पर टहल रहे लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। लोगों को देखकर हमलावर भाग निकले।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के तोरवा में खौफनाक वारदात: पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद फांसी के फंदे पर झूला
मारपीट और धारदार हथियार से लहूलुहान प्रापर्टी डीलर को आसपास के लोगों ने रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। प्रापर्टी डीलर ने इसकी जानकारी अपने बेटे शिशिर को दी। तब शिशिर अस्पताल पहुंचे। घायल प्रापर्टी डीलर की स्थिति देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया है। पिता को रायपुर में भर्ती कराने के बाद शिशिर ने घटना की शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।