सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिलासपुर की शोध छात्रा ने लैब में खाया केमिकल, अस्पताल में छात्रों का भारी हंगामा
बिलासपुर के कोनी स्थित गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केमिस्ट्री डिपार्टमेंट की एक शोध छात्रा (रिसर्च स्कॉलर) ने कैंपस की ही लैब में अज्ञात केमिकल पाउडर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सरगुजा की रहने वाली इस छात्रा को बेहद नाजुक हालत में तत्काल सरकंडा के प्रथम हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।
Publish Date: Sun, 31 May 2026 07:49:07 AM (IST)Updated Date: Sun, 31 May 2026 07:49:07 AM (IST)
गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटीHighLights
- विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नाराज छात्रों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
- यूनिवर्सिटी में पेपर लीक मामले के बीच रिसर्च स्कॉलर का आत्मघाती कदम।
- प्रथम हॉस्पिटल पहुंचे पुलिस और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के आला अधिकारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर : गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के केमिस्ट्री डिपार्टमेंट की छात्रा पायल ठाकुर ने कैंपस लैब में केमिकल पाउडर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। सरगुजा की रहने वाली पायल यूनिवर्सिटी के केमिस्ट्री डिपार्टमेंट की रिसर्च स्कालर है। इस घटना से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में छात्रा को तत्काल सरकंडा स्थित प्रथम हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास उस समय किया, जब विश्वविद्यालय में पेपर लीक होने का मामला सामने आया। ऐसे में छात्रा द्वारा उठाए गए इस कदम को पेपर लीक प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान छात्रों में विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ काफी गुस्सा देखने को मिला और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा भी किया। छात्रों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली। छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।