
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी की विदाई के तुरंत बाद छात्रों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। यूटीडी के छात्रों ने पूरे कैंपस में गंगाजल छिड़ककर “शुद्धिकरण” किया और पूर्व कुलपति के कार्यकाल को भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से भरा बताया। इस प्रतीकात्मक विरोध ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से चल रहे असंतोष को खुलकर सामने ला दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन जहां एक ओर पूर्व कुलपति को औपचारिक विदाई दे रहा था, वहीं दूसरी ओर छात्र संगठनों ने विरोध का नया तरीका अपनाया।
छात्र नेता नीरज यादव, लक्ष्य साहू और सूरज सिंह राजपूत के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति सचिवालय, सभागार और विभिन्न विभागों में गंगाजल छिड़ककर विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि पूर्व कुलपति के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी, जेम पोर्टल के जरिए खरीदी में कथित भ्रष्टाचार, संसाधनों के दुरुपयोग और निर्माण कार्यों में अनियमितताएं हुईं। उनका कहना है कि करोड़ों खर्च के बावजूद नैक (NAAC) मूल्यांकन नहीं हो सका और नए विभाग भी शुरू नहीं किए गए। हालांकि छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ है। नए कुलपति प्रो. एलपी पटेरिया से छात्र कार्यवाही की उम्मीद भी कर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्र कुलपति कक्ष एवं सचिवालय जैसे संवेदनशील क्षेत्रों तक कैसे पहुंचे। क्या बिना प्रशासनिक अनुमति यह संभव था? यदि नहीं, तो यह विरोध कहीं न कहीं प्रशासन की मौन सहमति को दर्शाता है। विश्वविद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट करना होगा कि इस तरह के प्रदर्शन को अप्रत्यक्ष स्वीकृति क्यों मिली, क्योंकि यह व्यवस्था की गंभीर चूक भी मानी जाएगी।