बिलासपुर। Administrative Reshuffle in Bilaspur: कलेक्टर डा.सारांश मित्तर ने तहसीलदार व अतिरिक्त तहसीलदारों का पदस्थापना आदेश जारी किया है। रमेश कुमार मोर को बिलासपुर तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऋचा सिंह को तहसीलदार की जिम्मेदारी से मुक्त कर अतिरिक्त तहसीलदार बिलासपुर बनाया है। जारी पदस्थापना आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। जारी आदेश में प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने और कामकाज में गति लाने के उद्देश्य से पदस्थापना आदेश जारी करने बताया है। पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन भी किया गया है। पूर्व आदेश में ऋचा सिंह को बिलासपुर तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ऋचा सिंह कुछ दिन ही तहसीलदार के पद पर कामकाज निपटा पाई थी कि कलेक्टर ने उनको हटाते हुए सकरी में तहसीलदार के पद पर पदस्थ मनोज कुमार मोर को बिलासपुर तहसीलदार की कुर्सी सौंप दी है। स्थानांतर आदेश पर बिलासपुर जिला पहुंचे अश्वनी कंवर को सकरी तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आंशिक पदस्थापना आदेश में मस्तूरी के तहसीलदार मनोज खांडे भाग्यशाली रहे। कलेक्टर ने उन पर भरोसा जताते हुए मस्तूरी में ही कामकाज करने का अवसर दिया है।
एक जगह ज्यादा दिनों तक नहीं कर पा रहे नौकरी
विवादित प्रकरणों की बढ़ती संख्या ने जिले की प्रदेशभर में बदनामी हो रही है। बीते महीने सत्ताधारी दल के दो गुट जमीन पर कब्जे को लेकर आपस में भिड़ गए थे। दुकान से सामान फेंक कर एक गुट ने कब्जे की कोशिश की थी। इसे लेकर राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल तक शिकायत पहुंची थी। इसके अलावा राजस्व प्रकरणों की पेंडेंसी भी लगातार बढ़ती जा रही है। यह भी एक दबाव है। इसके चलते तहसील मुख्यालय में तहसीलदार लंबे समय तक ड्यूटी नहीं कर पा रहे हैं।