
बिलासपुर। Air Service to Bilaspur: नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिलासा एयरपोर्ट को अन्य शहरों की उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार बताया है। इच्छुक विमानन कंपनियां उड़ान 4.1 योजना के तहत आवेदन कर सकती हैं। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया लाइसेंस देने के लिए तैयार है। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा के सवाल पर नागर विमानन मंत्री सिंधिया ने लिखित जवाब में यह जानकारी दी है।
राज्य सरकार द्वारा पिछले दौर में रद किए गए बिलासपुर-अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग के साथ-साथ, अंबिकापुर-रायपुर-अंबिकापुर मार्ग को भी 4.1 उड़ान में बोली प्रकिया के लिए पेश किए जाने का प्रस्ताव किया गया है। राज्यसभा सदस्य तन्खा ने पूछा था कि बिलासा एयरपोर्ट से अन्य बड़े शहरों दिल्ली, मंुबई, चेन्न्ई, कोलकाता, हैदराबाद और पुणे जैसे अन्य महानगरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए कोई कदम उठाए जा रहे हैं।
नागर विमानन मंत्री ने लिखित जवाब पेश करते हुए कहा कि क्षेत्रीय संपर्कता योजना उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक)के तहत जगदलपुर, अंबिकापुर एवं बिलासपुर को उड़ान के लिए चिंहित किया गया है। बिलासपुर को प्रयागराज, भोपाल, एवं जबलपुर से जोड़ने वाला उड़ान मार्ग चयनित एयरलाइन को अवार्ड किया गया है। विमानन कंपनी द्वारा बिलासपुर, प्रयागराज और बिलासपुर जबलपुर मार्गों पर पहले ही उड़ाने आरंभ कर दी गई है।
वाणिज्यिक आधार पर अन्य शहरों से जोड़ने की योजना
नागर विमानन मंत्री ने यह भी कहा कि बिलासपुर को एयरलाइन द्वारा अन्य शहरों से वाणिज्यिक आधार पर जोड़ा जा सकता है। उड़ान एक बाजार आधारित योजना है। इच्छुक विमानन कंपनी मार्ग विशेष पर मांग के अपने आकलन के आधार पर, समय-समय पर उड़ान योजना के अंतर्गत बोली प्रकिया के समय अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करती है।
हाई कोर्ट में जनहित याचिका पर चल रही है सुनवाई
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट प्रैक्टिसिंग बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप दुबे की जनहित याचिका पर हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में सुनवाई चल रही है। हाई कोर्ट के आदेश के कारण बिलासपुर एयरपोर्ट को थ्री सी लाइसेंस मिल पाया है। बिलासा एयरपोर्ट को फोर सी लाइसेंस के लिए जनहित याचिका अभी लंबित है। इस पर सुनवाई चल रही है। छग हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस पीआर रामचंद्र मेनन ने सेवानिवृति संबोधन में कहा था कि बिलासपुर को एयरपोर्ट की सुविधा दिलाना मेरे जीवन को आत्म संतुष्टि देने वाला फैसला है।