
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। होली के दिन मल्हार में युवक पर एयरगन से गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में अदालत ने सीआरपीएफ आरक्षक पुलकेश नापित को बरी कर दिया है। अदालत ने पाया कि पुलिस ने न तो घटनास्थल या घायल से कोई गोली अथवा छर्रा जब्त किया और न ही कथित एयरगन को बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा।
हथियार को न्यायालय में भी पेश नहीं किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में घायल के सीने पर केवल मामूली खरोंच मिली थी। अभियोजन हत्या के प्रयास का आरोप संदेह से परे साबित नहीं कर सका। द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ममता पटेल की अदालत ने आरोपित को भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 307 के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।
अभियोजन के अनुसार, घटना 25 मार्च 2024 को शाम करीब 4:30 बजे की है। पीयूष ठाकुर अपने दोस्तों के साथ मल्हार में देव हेल्थ केयर के पास खाली जमीन पर नगाड़ा बजाकर होली मना रहा था। आरोप था कि इसी दौरान सीआरपीएफ आरक्षक पुलकेश नापित ने शोर-शराबा करने से मना किया और गाली-गलौज करते हुए अपनी पावर एयर राइफल से पीयूष पर गोली चला दी। दूसरी गोली सीने पर लगने का दावा किया गया था।
अदालत ने साक्ष्यों में कई गंभीर कमियां पाईं। कुछ गवाहों ने घायल के सीने से गोली निकालने की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने घायल या किसी गवाह से कोई छर्रा जब्त नहीं किया। विवेचक ने एयरगन को यह मानकर बैलिस्टिक विशेषज्ञ के पास नहीं भेजा कि उसमें बारूद का इस्तेमाल नहीं होता। अदालत ने इस तर्क को पर्याप्त नहीं माना। उसके अनुसार, यह जांच जरूरी थी कि एयरगन और छर्रा फायर करने की स्थिति में थे या नहीं। कथित एयरगन को अभियोग पत्र के साथ न्यायालय में भी पेश नहीं किया गया। इस आधार पर अदालत ने अभियोजन के विरुद्ध प्रतिकूल निष्कर्ष निकाला।
डाक्टर की जांच रिपोर्ट में पीयूष के सीने पर केवल एक मामूली खरोंच दर्ज थी। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं था कि चोट एयरगन या किसी अन्य हथियार से लगी थी। खून बहने का उल्लेख भी नहीं था। पुलिस ने घायल के खून से सने कपड़े भी जब्त नहीं किए थे। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि आरोपी और घायल पक्ष के बीच पुरानी रंजिश का कोई प्रमाण नहीं मिला। गवाहों के अनुसार, आरोपी ने स्वास्थ्य केंद्र के पास हो रहे शोर-शराबे और हुड़दंग को रोकने के लिए अपनी छत से टोका था।
सभी साक्ष्यों और कमियों को देखते हुए अदालत ने माना कि हत्या के आशय या ज्ञान से गोली चलाने का आरोप साबित नहीं हुआ। पुलकेश इस मामले में 25 मार्च से 2 मई 2024 तक कुल 38 दिन न्यायिक अभिरक्षा में रहा था। अदालत ने अपील की अवधि समाप्त होने के बाद उचित पहचान के उपरांत जब्त एयरगन नियमानुसार लौटाने का निर्देश भी दिया है।