बिलासपुर। 29 जून को आयोजित कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल में सर्व शिक्षक संघ शामिल होगा। केंद्रीय कर्मचारियों के समान 34 प्रतिशत मंहगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता सहित अन्य प्रमुख मांगों के लिए एक दिवसीय आंदोलन करेंगे। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर केंद्रीय कर्मचारियों के समान 34 प्रतिशत मंहगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता सहित अन्य कर्मचारी मांगों के लिए एक दिवसीय आंदोलन का आयोजन किया गया है।
इस आंदोलन में कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए सर्व शिक्षक संघ शामिल रहेगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव विनय मौर्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रकाश स्वर्णकार ने सर्व शिक्षक संघ के समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों से अपील करते हुए कहा है कि मंहगाई भत्ता कर्मचारियों का अधिकार है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में 12 प्रतिशत कम मंहगाई भत्ता दिया जा रहा है। जबकि अन्य पड़ोसी राज्यों में राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान मंहगाई भत्ता प्रदान किया जा रहा है। दिन ब दिन बढ़ती महंगाई और कम महंगाई भत्ते ने राज्य कर्मचारियों को आंदोलन के लिए विवश कर दिया है। महंगाई बढ़ने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का भरण पोषण मुश्किल हो जा रहा है।
वर्तमान में राज्य में कई तरह के मंहगाई भत्ता लागू है। राज्य के आईएएस, आईपीएस, आईएफएस कर्मचारियों को केंद्र के समान मंहगाई भत्ता दिया जा रहा है। वहीं राज्य कर्मचारियों को केवल 22 प्रतिशत मंहगाई भत्ता जो कि केंद्रीय कर्मचारियों से 12 प्रतिशत कम है। यह राज्य कर्मचारियों के साथ अन्याय है। इस अन्याय के विरुद्ध हो रहे आंदोलन में हमारा संघ पूरी तरह से शामिल रहेगा। हालांकि सर्व शिक्षक संघ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का हिस्सा नहीं है किंतु यह आंदोलन कर्मचारी हित में है और यह समय की मांग भी है। इसलिए हम इस आंदोलन में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाएंगे।