बिलासपुर । बिलासपुर विधानसभा सीट से भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने पांचवीं बार जीत दर्ज कर ली है। अमर के नाम एक नया कीर्तिमान जुड़ गया है। एक दशक पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में बिलासपुर विधानसभा सीट से सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीत का रिकार्ड बनाया था। तब आंकड़ा 15,599 वोटों का था। इस बार यह आंकड़ा रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है।
कांग्रेस उम्मीदवार शैलेष पांडेय को मौजूदा विधानसभा चुनाव में 28 हजार 959 वोटों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया है। खास बात यह है कि अमर ने अपने बनाए कीर्तिमान में और सुधार किया है। वे पांचवीं बार बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। 1957 से बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रारंभ हुआ है। वर्ष 2023 तक कुल 15 विधानसभा चुनावों में चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों के वोट के आंकड़ों पर नजर डालें तो मौजूदा चुनाव में अमर अग्रवाल के जीत के अंतर का आंकड़ा अब तक हुए सभी चुनाव में सबसे ज्यादा रहा है। यह कीर्तिमान पहले भी अमर के नाम था और अब भी उनके नाम पर ही है। ये अलग बात है कि आंकड़ा बदल गया है। एक दशक में यह आंकड़ा तकरीबन दोगुना बढ़ गया है। 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हैसियत से अमर चुनाव मैदान में थे। कांग्रेस ने वाणीराव को चुनाव मैदान में उतारा था। अमर ने यह चुनाव रिकार्ड वोट के अंतर से जीता। तब यह आंकड़ा 15 हजार 599 वोटों का था। तब निगम की तत्कालीन मेयर व कांग्रेस उम्मीदवार वाणी राव को 56 हजार 656 वोट और अमर को 72 हजार 255 वोट मिले थे। 1998 से बिलासपुर विधानसभा सीट से तब उसने लगातार चौथी जीत दर्ज की थी।
शैलेष ने रोके थे बढ़ते कदम
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने नए चेहरे पर भरोसा जताया। डा सीवी रामन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शैलेष पांडेय को चुनाव मैदान में उतारा। अमर पांचवीं बार चुनाव जीतने का कीर्तिमान बनाने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जीत का सिलसिला थम गया। शैलेष पांडेय से 11 हजार 221 वोटों से चुनाव हार गए थे। शैलेष पांडेय को 67 हजार 896 और अमर अग्रवाल को 56 हजार 675 वोट मिले थे।
पहला चुनाव था दिलचस्प, करीबी मामला भी बना
बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र का पहला चुनाव 1957 में हुआ। इसमें कांग्रेस के शिवदुलारे मिश्र ने सबसे कम 1,018 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें 12,055 वोट मिले थे। वहीं उनके निकटम प्रतिद्वंद्वी जनसंघ के मदनलाल शुक्ल को 11,037 मिले।
अब तक हुए चुनाव में जीत-हार का अंतर
चुनाव वर्ष विजयी उम्मीदवार पराजित उम्मीदवार जीत का अंतर
• 1957 शिवदुलारे मिश्र कांग्रेस 12,055 मदनलाल शुक्ल जनसंघ 11,037 1018
• 1962 रामाचरण राय कांग्रेस 23,678 मदनलाल शुक्ल जनसंघ 13,463 10,215
• 1967 रामाचरण राय कांग्रेस 16,649 जमुना प्रसाद वर्मा जनसंघ 13,500 3,149
• 1972 श्रीधर मिश्र कांग्रेस 23,789 बबन राव शेष जनसंघ 12,964 10,825
• 1977 बीआर यादव कांग्रेस 20,132 आनंद मिश्रा जनता पार्टी 16,984 3,148
• 1980 बीआर यादव कांग्रेस 25,955 प्रताप सिंह कस्तुरिया भाजपा 13,639 12,316
• 1985 बीआर यादव कांग्रेस 28,457 मूलचंद खंडेलवाल भाजपा 27,315 1,142
• 1990 मूलचंद खंडेलवाल 47,297 बीआर यादव 35,467 7,576
• 1993 बीआर यादव कांग्रेस 47,388 मूलचंद खंडेलवाल भाजपा 33,473 13,915
• 1998 अमर अग्रवाल भाजपा 40,993 अनिल टाह निर्दलीय 30,038 10,955
• 2003 अमर अग्रवाल भाजपा 61,154 अनिल टाह कांग्रेस 55,311 5,843
• 2008 अमर अग्रवाल 60,784 अनिल टाह कांग्रेस 51,408 9,376
• 2013 अमर अग्रवाल 72,255 वाणी राव कांग्रेस 56,656 15,599
• 2018 शैलेष पांडेय कांग्रेस 67,896 अमर अग्रवाल 56,675 11,221
2023 अमर अग्रवाल 83,022 शैलेष पांडेय 54,063 28,959
----------------