
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर बेलतरा के पास रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। रायपुर से घूमने निकले पांच युवक और पांच युवतियां ईको वाहन में सवार थे।
तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक कार को काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में काजल साहू नाम की युवती की मौत हो गई।
रतनपुर टीआई निलेश पाण्डेय ने बताया कि रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार को ईको वाहन से घूमने निकले थे। सभी रतनपुर घूमने के बाद चैतुरगढ़ जाने के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 11:30 बजे बेलतरा से आगे बेलपारा के पास ईको वाहन चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसा।
टक्कर के बाद ईको कार ट्रेलर में फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह वाहन आगे बढ़ाता रहा। कार काफी दूर तक सड़क पर घिसटती रही। पीछे से दूसरे लोगों ने ट्रेलर चालक को हादसे की जानकारी दी, तब उसने वाहन रोका। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य में मदद की।
पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।