धुआं उठते ही कोयला से भरे एक वैगन को मालगाड़ी से किया अलग
सुबह 10 बजे की घटना, नजर नहीं पड़ता तो हो सकती थी बड़ी दुर्घटना
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 10 May 2022 12:02:09 PM (IST)
Updated Date: Tue, 10 May 2022 12:02:09 PM (IST)

बिलासपुर। बीरसिंहपुर जा रही कोयला लोड मालगाड़ी के एक वैगन में धुआं उठता देखकर हड़कंप मच गया। आनन- फानन में मालगाड़ी को जोनल स्टेशन में रोक दी गई। इसके बाद स्टेशन मास्टर से लेकर आरपीएफ व अन्य विभाग के अधिकारियों ने धुआं उठ रहे वैगन का जायजा लिया। स्थिति सामान्य थी। पर आगे खतरा हो सकता है। इसे महसूस करते हुए ही इस एक वैगन अलग करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद अन्य वैगनों को लेकर कोयला लोड मालगाड़ी रवाना हो गई।
घटना सुबह 10 बजे की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से होते हुए एक मालगाड़ी बीरसिंहपुर जा रही थी। इसके सभी वैगन कोयले से लदे हुए थे। इंजन से छठवें वैगन में अचानक किसी रेलकर्मी ने धुआं उठता देख लिया। इसकी जानकारी दी। जिसके बाद गाड़ी को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में नियंत्रित की गई। मालगाड़ी के ठहरते ही आरपीएफ के अधिकारी व स्टेशन मास्टर दोनों पहुंचे। धुआं उठ रहा था। यदि इसी स्थिति में मालगाड़ी रवाना हो जाती थी, तो आग लगने की बड़ी घटना हो सकती थी। जब मालगाड़ी दौड़ती है तो जरा सी चिंगारी हवा पाकर धधकने लगती है और इसी वजह से आग लगने की घटना होती है। बिलासपुर में ही धुआं दिख गया। इसलिए न ज्यादातर मालगाड़ी का परिचालन प्रभावित हुआ और न आग लगने की घटना हुई। सभी ने मिलकर पहले वैगन को मालगाड़ी से अलग कराया। इसके बाद उसे सुरक्षित जगह पर लाकर खड़ी कर दी गई।
बाकी के वैगन को जोड़कर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। हालांकि जिस वैगन के भरे कोयले में धुआ उठा था, उसे बुझान के लिए दमकल या स्टेशन में पानी छिड़काव की आवश्यकता नहीं पड़ी। एक जगह रूकने से ही धुआं निकलना बंद हो गया। बताया गया की सूर्य की तेज किरणों की वजह से कोयला गर्म हो जाता है। इसके कारण अक्सर धुआं उठता है। नजर पड़ते ही मालगाड़ी रोक देनी चाहिए। यहां भी वहीं किया गया। इसलिए आग लगने जैसी कोई घटना नहीं हुई।