
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के मोपका बायपास स्थित रमतला मोड़ के पास चार बदमाशों ने चाकू दिखाकर गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक और उनके दोस्त से मोबाइल व नकदी समेत 16 हजार 730 रुपये लूट लिए। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे की है। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेंदरी के महामाया रेसीडेंसी में रहने वाले बसंत कुमार मैहर (54) सीयू में सहायक प्राध्यापक हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोस्त सुजीत कुमार ठाकुर को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घूमने निकले थे। मोपका बायपास की ओर जाते समय रास्ता भटक गए। रास्ते में दो युवकों ने उनकी बाइक रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन वे आगे बढ़ गए।
रमतला मोड़ के पास उन्होंने चार युवकों से बिरकोना जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान युवकों ने सुजीत को बाइक से खींचकर नीचे गिरा दिया और चाकू दिखाकर दोनों को डराने लगे। लुटेरों ने सुजीत की जेब से एक हजार 500 रुपये का की-पैड मोबाइल और 200 रुपये नकद लूट लिए।
यह भी पढ़ें- आज से लागू हुए ट्रैफिक के नए नियम, छोटी गलतियों पर मिलेगी चेतावनी, बिना बीमा गाड़ी चलाने पर 10 हजार तक जुर्माना
इसके बाद बसंत कुमार से चाकू की नोक पर 15 हजार रुपये का सैमसंग मोबाइल और 30 रुपये नकद छीन लिया। लूट के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए। सहायक प्राध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के गांव में पूछताछ कर लुटेरों की पहचान की जा रही है।