
बिलासपुर/कोरबा(निप्र)। रुपए के लेनदेन को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद बेटे ने अपनी ही मां व भाई बहू पर जानलेवा हमला कर दिया और जब उसे पता चला कि उसने आवेश में आकर अपनी मां की हत्या कर दी है, तो वह खुद जंगल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कोरबा जिले बांकीमोगरा थानांतर्गत ग्राम कुदरीपारा निवासी स्व. अंतराम कुर्रे एसईसीएल में कार्यरत था। 10 साल पहले उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले लिया और अपने बेटे गंगाराम कुरेर् को अनुकंपा नियुक्ति दिला दिया। नौकरी मिलने के बाद गंगाराम अपनी पत्नी प्रमिला के साथ ढेलवांडीह स्थित एसईसीएल आवासीय परिसर में रहने लगा। इस बीच अंतराम ने अपने बेटे से कहा कि वह हर माह अपनी मां को 5 हजार रुपए देगा। वह प्रति माह 5 हजार रुपए अपनी मां को देता था। इस बीच अंतराम की मौत हो गई। उसकी मां रामबाई अपने छोटे बेटे व बहू शिवकुमारी के साथ कुदरीपारा में रहने लगी। पिता की मौत के बाद गंगाराम अपनी मां को रकम देने में हिल हवाला करने लगा। लिहाजा, उसकी मां ने रामबाई ने कोर्ट में परिवाद दायर कर दी। मामले में कोर्ट ने गंगाराम को अपनी मां को प्रतिमाह पांच हजार दिए जाने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद भी गंगाराम समय पर रकम देने में कोताही करने लगा। बीते शनिवार को गंगाराम अपनी पत्नी के हाथ 2 हजार रुपए देकर भेजा, जिस पर उसकी मां ने रकम लेने से इनकार कर दिया। रकम लेने से मना करने की जानकारी मिलते ही गंगाराम आगबबूला हो गया। कुछ देर बाद वह खुद रकम के साथ रॉड लेकर पहुंचा। यहां रकम के लेनदेन को लेकर अपनी मां से विवाद कर बैठा और आवेश में आकर अपनी मां पर रॉड से हमला कर दिया। सास पर हमला होते देख छोटी बहू शिवकुमारी बीच बचाव करने पहुंची। तो गंगाराम ने उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बीच घायल महिला रामबाई व शिवकुमारी को एसईसीएल के विभागीय चिकित्सालय में दाखिल कराया गया, लेकिन यहां से चिकित्सकों ने दोनो को जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया। जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए सिम्स रिफर कर दिया। यहां दोनों घायलों का उपचार चल रहा था। सोमवार सुबह इलाज के दौरान रामबाई की मौत हो गई। जैसे ही यह मां की मौत की खबर हत्या के आरोपी गंगाराम तक पहुंची उसे आत्मग्लानि होने लगी। वह पास के सिंघाली माइंस स्थित जंगल में जाकर एक पेड़ में फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। इधर वृद्घा की मौत की खबर सुबह पूरे क्षेत्र में फैल गई। पुलिस ने महिला की मौत की खबर मिलते ही गंगाराम की तलाश तेज कर दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गंगाराम का शव माइंस के समीप जंगल में फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद करते हुए वैधानिक कार्रवाई पूरी पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना के बाद जहां गांव में वृद्वा पर हमले को लेकर आक्रोश है, वही दोनों की मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं पुलिस ने मामले में मृतक के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।