नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बेहतर उच्च शिक्षा और पसंदीदा पाठ्यक्रम की तलाश में बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के हजारों युवा हर साल महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, झारखंड और अन्य पड़ोसी राज्यों के विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेते हैं। ऐसे में एक गलत संस्थान का चुनाव उनकी वर्षों की मेहनत और भविष्य पर भारी पड़ सकता है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की फरवरी 2026 की राज्यवार सूची ने ऐसे युवाओं के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।
यूजीसी की ओर से जारी जाली एवं फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची में देश के अलग-अलग राज्यों के 32 संस्थानों के नाम शामिल हैं। इनमें दिल्ली के 12, उत्तर प्रदेश के चार, पुडुचेरी के दो, आंध्र प्रदेश के दो, महाराष्ट्र के दो, केरल के दो, पश्चिम बंगाल के दो तथा अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, राजस्थान और झारखंड के एक-एक संस्थान शामिल हैं।
बिलासपुर के विद्यार्थियों के लिए यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा, तकनीकी पाठ्यक्रम, प्रबंधन, चिकित्सा और व्यावसायिक शिक्षा के लिए दूसरे प्रदेशों का रुख करते हैं। कई बार आकर्षक विज्ञापन, कम फीस, बिना प्रवेश परीक्षा दाखिले और कम समय में डिग्री देने के दावे युवाओं को भ्रमित कर देते हैं। ऐसे संस्थानों से हासिल डिग्री की मान्यता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। इससे नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और आगे की पढ़ाई में परेशानी आ सकती है।
विद्यार्थियों-अभिभावकों को चाहिए कि प्रवेश शुल्क जमा करने से पहले यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर विश्वविद्यालय की मान्यता जांचें। केवल विज्ञापन, एजेंट या वेबसाइट देखकर दाखिले का निर्णय लेना जोखिम भरा हो सकता है।
यह भी पढ़ें- अतिक्रमण मामले में मालिकाना हक तय नहीं कर सकता राजस्व मंडल, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से आदेश निरस्त
महाराष्ट्र और पड़ोसी राज्यों के नाम भी शामिल
महाराष्ट्र में राजा अरेबिक यूनिवर्सिटी, नागपुर और नेशनल बैकवर्ड कृषि विद्यापीठ, सोलापुर सूचीबद्ध हैं। उत्तर प्रदेश में गांधी हिंदी विद्यापीठ, महामाया टेक्निकल विश्वविद्यालय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी और भारतीय शिक्षा परिषद के नाम हैं। झारखंड में दक्ष यूनिवर्सिटी, रांची शामिल है। केरल में सेंट जान यूनिवर्सिटी और इंटरनेशनल इस्लामिक यूनिवर्सिटी आफ प्रोफेटिक मेडिसिन सूची में हैं।
इन राज्यों के संस्थानों से भी रहें सावधान
पश्चिम बंगाल में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ अल्टरनेटिव मेडिसिन और इंस्टीट्यूट आफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च शामिल हैं। पुडुचेरी में श्रीबोधि एकेडमी आफ हायर एजुकेशन और उषा लामचुमिन कॉलेज आफ एजुकेशन, आंध्र प्रदेश में क्राइस्ट न्यू टेस्टामेंट डीम्ड यूनिवर्सिटी और बाइबल ओपन यूनिवर्सिटी आफ इंडिया सूचीबद्ध हैं।
अरुणाचल में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ अल्टरनेटिव मेडिसिन, हरियाणा में मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, कर्नाटक में सर्व भारतीय शिक्षा पीठ और ग्लोबल ह्यूमन पीस यूनिवर्सिटी तथा राजस्थान में राजीव गांधी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी एंड मैनेजमेंट का नाम दर्ज है।