
बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि): बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे (चक्करभाठा) पर शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट (9I697) की रनवे पर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फट गया। अचानक हुए इस हादसे से एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पायलट की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया और विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है।
हालांकि, इस तकनीकी खराबी के कारण बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली आगामी उड़ान को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन की तकनीकी टीम द्वारा टायर फटने के कारणों की जांच की जा रही है।

लैंडिंग पर टायर ब्लास्ट: दिल्ली से उड़ान भरकर बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट 9I697 जैसे ही रनवे पर उतरी, जोरदार आवाज के साथ उसका टायर फट गया।
पायलट का नियंत्रण: टायर फटने के बावजूद पायलट ने सूझबूझ से प्लेन का संतुलन बनाए रखा और उसे सुरक्षित रूप से रनवे के किनारे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुरक्षा टीम अलर्ट: सूचना मिलते ही एयरपोर्ट का फायर और रेस्क्यू दस्ता मौके पर पहुंचा। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अगली उड़ान निरस्त: विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट को रद्द करना पड़ा, जिससे कई यात्रियों का सफर अधर में लटक गया।
37 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों विमान में थे सवार: रनवे पर ही विमान की सीढ़ियां लगाकर सभी 37 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा गया और विशेष वाहनों के जरिए टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया।