बिलासपुर। Bilaspur News: पेंड्रारोड, लोरमी, कोरबा, अंबिकापुर व सीपत की से यात्रियों को लेकर आने वाली बसें दो घंटे तक शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। मंगला चौक व सीपत चौक में इन्हें सुबह 9.15 बजे से 11 बजे तक रुकना पड़ेगा। इसके अलावा सारंगगढ़ की तरफ से बसें पुराना बस स्टैंड तक आ सकेंगी। बाइपास से हाईटेक बस स्टैंड तक पहुंचने की पाबंदी हटा दी गई है।
यह निर्णय शनिवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान लिया गया। इसमें यातायात व परिवहन विभाग के अधिकारियों के अलावा बस मालिक संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे। संघ ने पिछले दिनों कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें शहर में बसों के प्रवेश से रोकने की समस्या बताई थी। इसके कारण उन्हें और यात्रियों को आने वाली दिक्कतों से अवगत कराया गया।
इस पर उन्होंने यातायात पुलिस व परिवहन विभाग को बैठक आयोजित कर समस्या का समाधान करने निर्देश दिए थे। इसी के तहत सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई। दोनों विभागों के अधिकारियों व संघ के पदाधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान यह तय हुआ कि सुबह 9:15 से 11 बजे तक ही बसों को शहर से बाहर चौक में रोका जाएगा। दरअसल इस समय में शहर के अंदर भीड़ अधिक रहती है।
संघ के पदाधिकारियों ने इस पर सहमति जता दी। इसके बाद के समय पर किसी तरह पाबंदी ना लगने की बात रखी गई। इस पर प्रशासन भी राजी हो गया। दूसरी समस्या सारंगगढ़ की ओर से आने वाली बसों के परिचालन को लेकर उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि इन्हें शहर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। बाइपास लालखदान, सिरगिट्टी, बन्नाक चौक होते हुए हाईटेक बस स्टैंड पहुंचते हैं।
इसकी वजह से परेशानी होती है। इसके अलावा यात्री भी नहीं मिलते। इसे देखते हुए उन्हें पुराना बस स्टैंड तक बसों को लेकर आने की अनुमति दी गई। यहां से बसें वापस होंगी। इससे आगे शहर में बसें प्रवेश नहीं करेंगी। बैठक में छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के बिलासपुर संभागीय अध्यक्ष व निजी बस मालिक संघ के प्रवक्ता एसएल दुबे, सचिव प्रहलाद तिवारी, महासंघ के सदस्य अखिलेश पाठक, संतोष गुलहरे समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
नहीं बजेगा प्रेशर हार्न
बस संचालक शहर में प्रवेश के बाद प्रेशर हार्न भी बजाते हैं। इसके चलते सभी को परेशानी होती है। इसलिए बैठक के दौरान साफ निर्देश दिए गएकि बस चालक शहर के अंदर हार्न नहीं बजाएंगे। संघ के पदाधिकारियों ने इस पर सहमति दी। साथ ही चालकों को सख्त निर्देश देने की बात कही।