
Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। छोटी बहन की शादी की 25वीं वर्षगांठ पर भाइयों ने चार तोले सोने का हार और हीरा जड़ित सोने की अंगूठी खरीदी। इसे छोटी बहन को देने के लिए वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में गए थे। जेवर और अन्य सामान से भरा पर्स स्टेज के पास रखा था। इसे किसी ने पार कर दिया। मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में की गई है। पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मिनोचा कालोनी में रहने वाले जगदीश लाल सवन्नी रिटायर्ड अधिकारी हैं। उनकी छोटी बहन रेखा विरदी की शादी की 25 वर्षगांठ पर गुस्र्वार की शाम चकरभाठा होटल सेंट्रल पाइंट में पार्टी थी। छोटी बहन को वर्षगांठ पर उपहार देने के लिए रिटायर्ड अधिकारी और उनके भाइयों ने 46 ग्राम सोने का हार और हीरा जड़ित सोने की अंगूठी खरीदी। जेवर और अन्य सामान को उनकी पत्नी सुधा सवन्नी ने पर्स में रखा था। इसे लेकर वे चकरभाठा स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए।
महिला ने जेवर और अन्य सामान से भर पर्स स्टेज के पास रख दिया। कुछ देर बाद ननद को उपहार देने के लिए उन्होंने अपने पर्स की तलाश की। स्टेज के आसपास पर्स नहीं मिलने पर उन्होंने इसकी जानकारी पति और परिवार के सदस्यों को दी। इसके बाद मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में की गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने होटल से सीसीटीवी का फुटेज लिया है। इसके अलावा पार्टी में काम करने आए लोगों की भी जानकारी ली गई है। पुलिस की टीम ने कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की है। इसमें चोरों का सुराग नहीं मिल पाया है।