
बिलासपुर/मुंगेली। अधिकारियों के सामने फसल बीमा राशि की समस्या बता रहा किसान इतना दुखी हुआ कि मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। किसान को सिम्स लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही आंदोलनकारी किसानों का आक्रोश भड़क गया। नाराज किसान कलेक्टोरट पहुंचे और मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग करते हुए कलेक्टर से मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के पथरिया क्षेत्र के ग्राम बदरा (ठाकुर) के ग्रामीणों ने बीते दिनों जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की थी। इस दौरान कलेक्टर डी सिंह ने उन्हें अकिारियों से चर्चा कर राशि भुगतान कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद भी राशि नहीं मिलने से नाराज आसपास के 18 गांवों के किसानों ने मंगलवार को एकजुट होकर कलेक्टोरेट कार्यालय का घेराव कर आंदोलन व चक्काजाम करने का एलान किया था। इसकी भनक मुंगेली जिला प्रशासन को मिल गई थी।
लिहाजा ग्रामीण कलेक्टोरेट न पहुंचे, इसके लिए अतिरिक्त कलेक्टर राजेश नशीने, पथरिया एसडीएम डॉ. आराध्या कुमार, कृषि विभाग के उपसंचालक एमआर तिग्गा, एडिशनल एसपी ज्योति सिंह, एसडीओपी नवनीत कौर छाबड़ा, टीआइ केशव नारायण आदित्य सहित पुलिस के जवान गांव पहुंचे थे।
दोपहर करीब 1.30 बजे अतिरिक्त कलेक्टर राजेश नशीने व एसडीएम डॉ. आराध्या कुमार किसानों को समझा रहे थे। इसी दौरान गांव के बुजुर्ग किसान मनहरण साहू(65) पुत्र तिरिथ राम साहू अधिकारियों के टालमटोल रवैये को लेकर फसल बीमा राशि देने में कोताही बरतने का आरोप लगाने लगे। अफसरों से जोर-जोर से बात करते हुए अचानक वह गिर गए।
इस दौरान उन्होंने सीने में दर्द उठने की बात भी कही। फिर कुछ ही देर में बेहोश हो गए। उनकी हालत देखकर तत्काल एंबुलेंस से उन्हें इलाज के लिए सिम्स भेजा गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर किसानों का गुस्सा भड़क गया। किसानों ने जिला प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
किसान की मौत की खबर मिलते ही जिले में सियासी माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता घनश्याम वर्मा, जिला पंचायत सदस्य जागेश्वरी वर्मा के साथ ही कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला, जकांछ नेता व बिल्हा विायक सियाराम कौशिक अपने-अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंच गए। पथरिया पुलिस ने मृतक किसान के शव का पंचनामा के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सरगांव स्थित अस्पताल भेज दिया।
वहीं इस घटना के बाद कांग्रेस व जकांछ नेता किसानों को लेकर मुंगेली जिला मुख्यालय पहुंच गए। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर डी सिंह से मुलाकात की और मृतक किसान के परिजन को 20 लाख रुपये मुआवजा राशि के साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। कलेक्टर ने प्रतिनिमिंडल से चर्चा के बाद आश्वस्त किया कि इस संबं में राज्य शासन से चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
गांव में आंदोलनकारी कृषकों को अधिकारी समझाइश देने गए थे। तभी एक कृषक की तबीयत खराब हो गई। उसे सिम्स ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केशव नारायण आदित्य थाना प्रभारी पथरिया
ग्राम बदरा (ठाकुर) में किसी कृषक को फसल बीमा की राशि नहीं मिली है। मात्र चार किसानों को मुआवजा मिला है जो दूसरे बैंक के खातेदार हैं।
मेघूराम साहू संस्था प्रबंधक , सेवा सहकारी समिति बदरा (ठाकुर)
ग्राम बदरा (ठाकुर) में फसल बीमा की राशि की मांग को लेकर किसान आंदोलन करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के अकिारियों की टीम कृषि विभाग व बीमा कंपनियों के साथ मिलकर किसानों को समझाइश देने पहुंचे थे। इसी बीच एक किसान की तबीयत खराब होने से उन्हें बिलासपुर सिम्स ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। किसान पहले से अस्वस्थ थे।
डॉ.आराध्या कुमार एसडीएम, पथरिया