
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 82 वर्षीय महिला से एक करोड़ चार लाख 80 हजार रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो और सदस्यों को रेंज साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक आठ आरोपित की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
सिविल लाइन क्षेत्र के शांतिनगर में रहने वाली 82 वर्षीय महिला के मोबाइल साइबर ठग गिरोह के लोगों ने 20 अप्रैल को व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो काल किया था। जालसाजों ने खुद को सीबीआइ का अधिकारी बताते हुए महिला को डराया कि उनका नाम आतंकी संगठन से जुड़ा है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जा सकता है।
जालसाजों ने महिला को करीब दो घंटे 16 मिनट तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव में रखा। डर का माहौल बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में एक करोड़ चार लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। जांच के दौरान पहले छह आरोपित को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद मिले नए साक्ष्यों के आधार पर नागपुर निवासी राहुल प्रकाश कामडी (38) और गौरव रमाकांत मिश्रा (27) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े हुए हैं और मामले में अन्य आरोपित की भूमिका की जांच की जा रही है।