बिलासपुर। Bilaspur District Incharge Jay Singh Agrawal: राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को मंत्री ताम्रध्वज साहू की जगह बिलासपुर जिले का नया प्रभारी मंत्री बनाया गया है। मंत्री जयसिंह के जिले से पुराना नाता रहा है, जिससे यहां की भौगोलिक परिस्थितियों व सियासत की समझ का लाभ जिलेवासियों के साथ ही संगठन को भी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधानसभा में कोरबा का प्रतिनिधित्व करने वाले जयसिंह कोरबा के ही रहने वाले हैं, जो अविभाजित जिले का ही हिस्सा रहा है। राज्य गठन से पूर्व ही वे सक्रिय राजनीति में रहे हैं। राज्य बनने के बाद भी बिलासपुर जिले के नेताओं से उनका सतत संपर्क रहा है। इससे पूर्व वे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के भी प्रभारी मंत्री रहे हैं। अब इसमें विस्तार करते हुए उन्हें बिलासपुर के साथ ही जांजगीर-चांपा जिले का प्रभार सौंपा गया है।
सियासत के जानकारों का कहना है कि जिले में कांग्रेस संगठन में जारी गुटबाजी को समाप्त करने में जयसिंह महती भूमिका निभा सकते हैं, क्योंकि वे कुशल नेतृत्व के साथ ही राजनीतिक चतुरता में भी सिद्धहस्त हैं। इसके अलावा जिले के विकास कार्यों को भी बल मिलेगा। इसमें सबसे प्रमुख मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी योजना अरपा नदी में बारहमासी पानी की उपलब्धता के लिए चल रहे प्रयास को अंजाम तक पहुंचाना भी शामिल है।
नवगठित जिले में विकास को दी दिशा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का प्रभार रहते हुए मंत्री जयसिंह ने कई विकास कार्यों को अंजाम तक पहुंचाया है। नवगठित जिले में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। सीमित समय में ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं का खाका तैयार कर उसे पूरा कराने के दौरान उनका मार्गदर्शन जिले के अफसरों को मिलता रहा। इससे कम समय में ही उनका असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए उम्मीद जता रहे हैं कि बिलासपुर जिले में भी विकास कार्यों को अब गति मिलेगी।
शहर अध्यक्ष ने किया स्वागत
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद नायक ने मंत्री जयसिंह के जिले के प्रभारी मंत्री बनने पर प्रसन्न्ता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया है। उनका कहना है कि उनका जिले से शुरुआत से ही गहरा नाता रहा है। उनके अनुभव का लाभ संगठन के साथ ही जिले की आम जनता और यहां के विकास कार्यों को गति देने के रूप में मिलेगा।