
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गाय को लेकर इंटरनेट मीडिया पर की गई एक टिप्पणी के बाद शुक्रवार को शहर के कोतवाली थाना परिसर में जमकर हंगामा हो गया। सोहेल खान के नाम से संचालित इंटरनेट मीडिया अकाउंट से की गई टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठन के लोग शिकायत करने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी ने अचानक पत्थर मार दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी पत्थर चलाए जाने लगे। देखते ही देखते थाना परिसर में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
शुक्रवार की शाम हिंदू संगठन से जुड़े लोग कोतवाली थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इंटरनेट मीडिया पर सोहेल खान के एकाउंट से गाय पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसी दौरान किसी ने भीड़ पर पथराव कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष से भी पत्थर फेंके जाने लगे।
अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस की टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के सभी थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को कोतवाली थाना बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला।
पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने और भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके साथ ही पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
घटना के बाद देर रात तक कोतवाली थाने में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे रहे। इंटरनेट मीडिया अकाउंट से की गई टिप्पणी की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टिप्पणी किसने और किस उद्देश्य से की थी। वहीं, थाना परिसर में पथराव शुरू करने वाले लोगों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। स्थिति पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।