• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • बिलासपुर

बिलासपुर: छात्राओं से कापियां जंचवाने पर बड़ी कार्रवाई, मल्हार स्कूल के प्राचार्य समेत तीन शिक्षक हटाए गए

मस्तूरी के शासकीय हायर सेकेंडरी मल्हार में छात्राओं से कापियां जंचवाने, दुर्व्यवहार, सैनिटरी पैड वितरण में लापरवाही और 500 रुपये अवैध वसूली की पुष्टि ...और पढ़ें

By kranti namdevEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 04:24:02 PM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 04:24:02 PM (IST)
बिलासपुर: छात्राओं से कापियां जंचवाने पर बड़ी कार्रवाई, मल्हार स्कूल के प्राचार्य समेत तीन शिक्षक हटाए गए
प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. छात्राओं से कापियां जंचवाने पर प्राचार्य समेत तीन हटाए।
  2. भृत्य से मूल्यांकन, अवैध वसूली और दुर्व्यवहार सिद्ध हुआ।
  3. कलेक्टर के अनुमोदन से डीईओ ने किया तबादला आदेश जारी।

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार मस्तूरी में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाले कारनामों पर अंततः प्रशासनिक हथौड़ा चल गया है। छात्र-छात्राओं से दुर्व्यवहार, छात्राओं से कापियां जंचवाने, सैनिटरी पैड वितरण में मनमानी, प्रति विद्यार्थी पांच सौ रुपये अवैध वसूली और भृत्य से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने की पुष्टि होने के बाद कलेक्टर के अनुमोदन से प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडेय ने प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला समेत दो व्याख्याताओं को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।

मल्हार स्कूल में लंबे समय से शैक्षणिक अराजकता का बोलबाला था। छात्राओं से कापियां जंचवाने का आडियो उजागर होने और छात्राओं द्वारा कलेक्ट्रेट में मोर्चा खोलने के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित तीन सदस्यीय प्राचार्यों की जांच समिति ने जांच की। सात अक्टूबर को उन्होंने अपनी रिपोर्ट सौंप दी। जांच प्रतिवेदन में प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला, व्याख्याता संस्कृत संजय दुबे और व्याख्याता अर्थशास्त्र रश्मि गुप्ता पर लगे तमाम संगीन आरोप प्रमाणित पाए गए।


जांच में साफ हुआ कि प्राचार्य ने सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने में घोर लापरवाही बरती और छात्रों से अवैध वसूली की। वहीं व्याख्याता रश्मि गुप्ता ने अपने शैक्षणिक दायित्वों को ताक पर रखकर भृत्य से मूल्यांकन व अध्यापन कराया। व्याख्याता संजय दुबे भी वातावरण दूषित करने के दोषी सिद्ध हुए।

प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासन के आगामी स्थानांतरण आदेश तक प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला को हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, संजय दुबे को हायर सेकेंडरी स्कूल ओखर तथा रश्मि गुप्ता को कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल पचपेड़ी कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है। तीनों का वेतन मूल संस्था से ही आहरित होगा।

यह भी पढ़ें- कोलकाता से रेलवे पार्सल में छिपाकर ला रहे जहर: स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं मांगुर मछली, बिलासपुर में जब्त कर दफनाया

नईदुनिया ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा, खुली थी पोल

नईदुनिया अखबार ने दो अक्टूबर को प्रकाशित समाचार में बताया था कि 10वीं की छात्राओं से कापियां जंचवाने दबाव बनाया जा रहा था, व्याख्याता का पेपर जांचने वाला आडियो को लेकर नईदुनिया ने पर्दाफाश किया था। वहीं सैनिटरी पैड खुर्द-बुर्द करने के मामले को प्रमुखता से उजागर किया था।

खबर प्रकाशित होते ही डीईओ संदीप पांडेय सीधे स्कूल पहुंचे थे, जहां छात्राओं ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया था। लगातार खबरों के दबाव के बाद ही विभाग ने त्रिस्तरीय जांच बैठाई, जिसका नतीजा अब बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आया है।

भृत्य से कापियां जंचवाने वाली मैडम पचपेड़ी भेजी गईं

जांच में सबसे बड़ी बात यह सामने आई कि व्याख्याता रश्मि गुप्ता ने परीक्षा मूल्यांकन और अध्यापन का कार्य भृत्य के हवाले कर रखा था। इस घोर लापरवाही पर उन्हें शासकीय कन्या शाला पचपेड़ी भेजा गया है। वहीं अवैध वसूली के आरोपित प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला को कुकुर्दीकेरा और शिक्षक संजय दुबे को ओखर स्कूल भेजा गया है।

वर्जन

मल्हार हायर सेकेंडरी स्कूल के संबंध में प्राप्त शिकायतों की त्रिस्तरीय जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में प्राचार्य और दोनों व्याख्याताओं के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा विद्यालयीन शैक्षणिक वातावरण में सुधार के उद्देश्य से कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत तीनों को अन्य संस्थाओं में कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है।

संदीप कुमार पांडेय, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर