Bilaspur News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। छत्तीसगढ़ बेसबाल संघ 10 अप्रैल से छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में विशेष प्रशिक्षण कैंप शुरू कर रहा है। प्रशिक्षण सुबह व शाम दोनों पाली में दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी अभ्यास के साथ-साथ नए खिलाड़ियों को बताया जाएगा कि मैच के लिए मैदान पर उतरने समय मानसिक स्थिति कैसी होनी चाहिए।
इस बार संघ एक महीने के लिए इस कैंप का आयोजन करेगा। यह कैंप नए खिलाड़ियों के लिए होता है। पुराने खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते ही हैं। वर्ष 2008 में छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में इस खेल का अभ्यास शुरू हुआ। तब से लेकर अब तक खिलाड़ियों की स्थिति पर गौर करें तो हर साल इस खेल के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वर्तमान में 40 से 50 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो नियमित अभ्यास करते हैं। हालांकि अभी परीक्षा चल रही है।
इसलिए पुराने खिलाड़ियों में केवल छोटी आयु के खिलाड़ी आ रहे थे। अब परीक्षाएं समाप्त हो गईं। इसलिए पहले की तरह यह मैदान खिलाड़ियों से गुलजार हो जाएगा। संघ की मंशा है कि शहर से नए खिलाड़ी इस खेल में रुचि दिखाएं। यहीं आगे चलकर बेहतर खिलाड़ी बनेंगे। इसीलिए इस कैंप का आयोजन किया जाता है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई। प्रशिक्षण सुबह छह बजे से आठ बजे तक और शाम की पाली में 4:30 बजे से 6:30 बजे चलेगा।
एक महीने के एक विशेष कैंप में संघ ने बच्चों को पारंगत करने की जवाबदारी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सौंपी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों में प्रमुख रूप से अख्तर खान, शिशिर निषाद, अंकुर रजक व अंजली खलखो शामिल हैं। राष्ट्रीय खिलाड़ी बड़ी संख्या में हैं।
मुख्य प्रशिक्षक अख्तर खान ने बताया कि कैंप इस बार पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा। खिलाड़ियों को केवल घर से मैदान तक पहुंचना होगा। अभ्यास के लिए उन्हें संघ की तरह से जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। धीरे-धीरे जब खिलाड़ी बेसबाल के पैतरे समझने लगेंगे और उनकी रुचि बढ़ती जाएगी। वह अपनी जरूरत के अनुसार व सक्षम है तो उपकरण कर सकते हैं। संघ का मुख्य उद्देश्य उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना है। इसके लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।