Bilaspur Railway News: हाईड्रेन पाइप के पानी से स्टेशन में स्नान व कपड़े की धुलाई
Bilaspur Railway News: पेंट्रीकार के कर्मचारियों की लापरवाही, नहीं होती कार्रवाई
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sun, 26 Mar 2023 01:14:27 PM (IST)
Updated Date: Sun, 26 Mar 2023 01:14:27 PM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। पेंट्रीकार के कर्मचारी हाईड्रेन पाइप के पानी से स्नान करने के साथ कपड़े की धुलाई भी कर लेते हैं। यह नजारा प्रतिदिन देखा जा सकता है। सबसे विड़बना की बात यह है कि जोनल मुख्यालय के रेलवे स्टेशन में इस तरह की अव्यवस्था है। लेकिन रेल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगती। जबकि इसका उपयोग केवल ट्रेनों में पानी भरने या फिर धुलाई के लिए करना है।
सफर के दौरान यात्रियों को शौचालय में पानी की आवश्यकता पड़ती है। ट्रेनें जिन- जिन स्टेशनों में थोड़ी देर तक स्र्कती है। उन सभी जगहों में यह व्यवस्था की गई है कि ट्रेन के पहुंचते पानी भरा जा सके। जिससे की यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके तहत ही स्टेशनों में हाईड्रेन पाइप बिछाई गई है। इसी के जरिए पानी भरा जाता है। जोन का मुख्य रेलवे स्टेशन होने के कारण बिलासपुर में भी यह सुविधा है।
यहां आठ प्लेटफार्म हैं। सभी में हाईड्रेन पाइप बिछाने के अलावा पानी का कनेक्शन दिया गया है। लेकिन कुछ ट्रेनों के पेंट्रीकार कर्मचारी यात्रियों की सुविधा का दुरुपयोग करते हैं। जोनल स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर भी यह नजारा देखने को मिला। जम्मूतवी एक्सप्रेस प्लेटफार्म एक पर आकर खड़ी हुई। उसी समय पेंट्रीकार का एक कर्मचारी टावल पहले बाल्टी लेकर प्लेटफार्म के विपरित दिशा में उतारा। बाल्टी में कपड़ा था। जिसे वह धोने लगा।
इसके बाद पानी चालूकर कपड़े धोए। कपड़ा धोने के बाद उसने स्नान भी किया। कर्मचारी पानी की बर्बादी के साथ नियमों का उल्लंघन भी करता रहा। लेकिन, स्टेशन के जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारियों की नजर उस पर नहीं पड़ी। यह स्थिति सभी प्लेटफार्म पर प्रतिदिन देखी की जा सकती है। प्लेटफार्म एक और छह के नागपुर व हावड़ा एंड में इसी तरह कुछ लोग कपड़े धोते नजर आते हैं। जबकि स्टेशन में कैमरे लगे हैं। कैमरे में भी नजारा स्पष्ट नजर आता है। इसके बाद भी कार्रवाई तो दूर कभी मनाही तक नहीं की जाती।