यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bilaspur News:सीजीएमएससी की आयुर्वेदिक दवा मिल रही निजी मेडिकल स्टोर में
आयुर्वेद अस्पताल का मामला, आसपास की दुकानों में बिक रहीं धड़ल्ले से
By Yogeshwar SharmaEdited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Sat, 02 Jul 2022 07:51:12 AM (IST)Updated Date: Sat, 02 Jul 2022 07:51:12 AM (IST)

बिलासपुर। आयुर्वेद अस्पताल में सीजीएमएससी ने तपीना नाम की सीरप की सप्लाई आयुर्वेद कालेज में की थी, जो दवा अब अस्पताल में खत्म हो चुकी है। लेकिन इसी बैच की दवा अस्पताल के सामने स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर में बिक रही है। इस बात की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को तब लगी, जब एक मरीज को निजी मेडिकल स्टोर में यह दवा मिली। जब मरीज ने डाक्टरों को इसे दिखाया तो तत्काल यह समझ गए कि मामला गड़बड़ है। ये दवा किसी भी हालत में निजी मेडिकल स्टोर के पास नहीं पहुंच सकती है। वहीं अब इस मामले को अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है और पूरे मामले को जांच के दायरे में ले लिया है।
नूतन चौक स्थित आयुर्वेद अस्पताल में दवाओं की कमी बनी हुई है। 50 से 60 प्रतिशत दवाएं उपलब्ध नहीं हंै। ऐसे में पहुंचने वाले मरीजों को निजी आयुर्वेद मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ रही है। वहीं कुछ दिन पहले अस्पताल पहुंचे एक मरीज को डाक्टर ने तपीना सीरप लिखा था, जब वह अस्पताल के स्टोर में दवा लेने के लिए पहुंचा तो उसे यह दवा नहीं मिली। बताया गया कि दवा खत्म हो चुकी है। ऐसे में वह मरीज अस्पताल के बाहर स्थित शुभम आयुर्वेद मेडिकल स्टोर गया।
जहां पर उसे यह दवा मिल गई, जब मरीज ने गौर से उस दवा की बोतल को देखा तो उसमे सीजीएमएसी सप्लाई लिखा हुआ था। मरीज को यह समझ आ गया है कि यह दवा बाजार में बिक ही नहीं सकती है। तब उसने इसकी जानकार अस्पताल प्रबंधन को दी। मामला सामने में अस्पताल प्रबंधन सकते में आ गया कि आखिर यह दवा निजी दुकान में कैसे पहुंच गई है। वहीं अब इस मामले को अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है और मामले को जांच के दायरे में ले लिया है।
अस्पताल कर्मियों पर ही शक
सीजीएमएससी सप्लाई की दवा होने के नाते यह निजी मेडिकल स्टोर में कतई नहीं मिल सकती। अब अस्पताल प्रबंधन आशंका जता रहा है कि अस्पताल का ही कोई कर्मी अस्पताल की दवाओं को निजी मेडिकल स्टोर पर बेच रहा है। वही अब बोतल की बैच नंबर का मिलान किया जा रहा है। यदि दवा का बैच नंबर स्टाक रजिस्टर से मिलान करता है तो यह तय हो जाएगा कि यह किसी अस्पताल कर्मी का कारनामा है।
अस्पताल की दवाओं को बाहर के दुकान में बिकना गंभीर मामला है। इस मामले को जांच के दायरे में ले लिया गया है। संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डा. रक्षपाल गुप्ता, जिला आयुर्वेद अधिकारी