बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सेवानिवृत्ति कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। पेंशन-ग्रेज्युटी सहित अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए आभार पोर्टल जारी किया गया है। इसके जरिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रकरणों का निराकरण आनलाइन निराकृत किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों को राहत मिल रही है।
संभागीय कोष लेखा एवं पेंशन कार्यालय में आभार पोर्टल के जरिए आनलाइन प्रकरणों का निराकरण शुरू हो गया है। जिले के विभिन्न विभागों से 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी बाबू लाल शर्मा कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर, नारायण प्रसाद लास्कर शासकीय उमावि बेलतरा एवं शकीना बानो कार्यालय पशु चिकित्सा सहायक शल्य बिलासपुर को पेंशन प्राधिकार आदेश एवं उपादान भुगतान आदेश की प्रति आरके पटेल संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन बिलासपुर द्वारा दी गई।
वर्तमान में संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के अधिकारी और कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण त्वरित गति से आनलाइन आभार पोर्टल से निराकृत किया जा रहा है। अधिकारी एवं कर्मचारी जिस महीने सेवानिवृत्त होते हैं, उसी महीने पीपीओ और जीपीओ जारी किया जा रहा है। माह नवंबर 2022 में सेवानिवृत्त होने वाले तकरीबन 20 सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारियों का पीपीओ एवं जीपीओ एक दिसंबर को जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही माह नवंबर 2022 में 267 अधिकारी एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण का निराकरण भी किया गया।
हाई कोर्ट में लंबित हैं पेंशन ग्रेज्युटी के कई मामले
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में पेंशन-ग्रेज्युटी सहित अन्य मामलों की सुनवाई हो रही है। अधिकतर ऐसे प्रकरण हैं, जिसमें सेवानिवृत कर्मचारियों को सेवाकाल के दौरान अधिक वेतन देने का हवाला देते हुए वसूली के लिए आदेश जारी किया है। ऐसे भी मामले हैं जिसमें रिकवरी आदेश के साथ ही राशि की वसूली होने तक पेंशन व ग्रेज्युटी के भुगतान पर रोक लगा दी है। इसके चलते रिटायर कर्मचारियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। याचिकाकर्ता सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने विभाग में अभ्यावेदन देने के बाद भी कार्रवाई ना होने की शिकायत की है। याचिकाकर्ता कर्मचारियों का यह भी कहना है कि बिना किसी कारण गे्रज्युटी की राशि ना देने व पेंशन का निराकरण ना करने के कारण आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी है।