बिलासपुर। Bilaspur News: हिर्री थाना क्षेत्र के अटर्रा में मंगलवार की सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसमें एक आठ साल की नाबालिग भी है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि चाय में छिपकली गिर गई थी। चारों को सिम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
हिर्री थाना प्रभारी शांत कुमार साहू ने बताया कि मंगलवार की सुबह अटर्रा गांव में रहने वाली श्यामा सोनवानी अपने घर में चाय बना रही थीं। इसके बाद परिवार के खिलावन सोनवानी(71 वर्ष), दिलबाग सोनवानी(27 वर्ष), किंजन सोनवानी आठ वर्ष ने चाय पी। चारों के चाय पीने के बाद बर्तन को धोने लगी। तब चाय के बर्तन में छिपकली मिली। उसने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद सबकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। साथ ही डायल 112 को इस संबंध में सूचना दी। इस पर डायल 112 की टीम ने परिवार के सदस्यों को बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डाक्टरों ने यहां से उन्हें सिम्स रेफर कर दिया। सिम्स में भर्ती कर चारों का उपचार किया जा रहा है।
चाय बनाने के दौरान बंद थी बिजली
महिला ने अस्पताल में बताया कि सुबह चाय बनाने के दौरान तेज हवा चलने के कारण गांव में बिजली बंद हो गई। इस दौरान उसने अंधेरे में ही चाय बनाया। इसके बाद उसने परिवार के सदस्यों के साथ चाय पी ली। बर्तन धोने के दौरान उसे चाय में छिपकली गिरने की जानकारी हुई। इसके कुछ ही देर में सबकी तबीयत बिगड़ गई।
सावधानी जरूरी, ढंक कर रखें बर्तन
आम तौर पर रसोई में भोजन बनने और परोने के दौरान बर्तन को खुला छोड़ दिया जाता है। ऐसे कभी कभी छिपकली समेत कीड़े आदि बर्तन में चले जाते हैं। ऐसे भोजन का सेवन कराना खतरानाक होता है। पहले भी कई लोग इसकी वजह से गंभीर रूप से बीमार पड़ चुके हैं। इसलिए रसोई में हमेशा भोजन ढंक कर रखना चाहिए।