बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)।Bilaspur Politics: शहर कांग्रेस कमेटी ने शहर विधायक शैलेष पांडेय को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के निष्कासित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। इसकी कॉपी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणु गोपाल व प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया को भेज दिया है। शहर कांग्रेस की राजनीति बीते तीन दिनों से गरमाई हुई है। सिम्स के एक तकनीकी कर्मचारी के साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव समर्थक पंकज सिंह द्वारा मारपीट की घटना ने सियासी हलचल मचा दी है। बुधवार को पंकज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में शहर विधायक पांडेय व समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया था।
बुधवार की घटना को गंभीरता से लेते हुए शहर कांग्रेस कमेटी ने कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई। कार्यकारिणी के 31 में से 27 सदस्यों की उपस्थिति में कांग्रेस भवन में बैठक शुरू हुई। कार्यकारिणी की बैठक की अगवाई शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने की। बैठक का संचालन करते हुए शहर अध्यक्ष ने तीन एजेंडे रखे। सिम्स में कांग्रेस परिवार के सदस्य का चल रहे इलाज में पूरी मदद करने की बात कही।
प्रमुख एजेंडा शहर विधायक पांडेय की बयानबाजी को लेकर चर्चा शुरू हुई। पदाधिकारियों व कार्यकारिणी के सदस्यों ने एक स्वर से कहा कि जिस तरह की घटना में शहर विधायक सीधेतौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। वे भी कांग्रेस के सदस्य हैं। अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इससे आमजनों के बीच अच्छा संदेश नहीं जा रहा है।
शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शहर विधायक पांडेय को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का प्रस्ताव रखा। उनके प्रस्ताव पर शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व एमआइसी सदस्य अजय यादव व सिद्धांशु मिश्रा ने समर्थन किया। कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने एक स्वर से प्रस्ताव पर अपनी सहमति जता दी।
कार्यकारिणी के इस अहम प्रस्ताव से पंकज की बढ़ेगी मुसीबत
बैठक के दौरान जिला पंचायत के सदस्य राजेश्वर भार्गव ने वोट बैंक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंकज सिंह ने जिस कर्मचारी के साथ मारपीट की है वह अनुसूचित जाति वर्ग से आता है। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र का निवासी है।
हम सब कांगे्रस को समर्थन करते आ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि इस मारपीट की घटना के बाद शहर कांग्रेस कमेटी क्या पीड़ित और उनके परिवार के साथ है। शहर कांग्रेस कमेटी ने पीड़ित व उनके परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई व हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया। पीड़ित को न्याय मिले यह कांग्रेस की मंशा है। जाहिर है इस प्रस्ताव से पंकज सिंह की मुसीबत और बढ़ेगी।
पार्षद शहजादी ने उठाए सवाल
शहर कांग्रेस की बैठक में पार्षद शहजादी कुरैशी ने कांगे्रस के पदाधिकारियों के सामने सवाल उछालते हुए पूछा कि यहां कई ऐसे पदाधिकारी बैठे हैं जिन्होंने अपने समय में अधिकारियों के साथ न केवल दुर्व्यवहार किया है वरन मारपीट की घटना को अंजाम भी दिया है। एक ऐसे पदाधिकारी भी हैं जिन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी है। उनके इस सवाल का पदाधिकारी जवाब नहीं दे पाए।
इन्होंने कहा
बुधवार को सिटी कोतवाली थाने में शहर विधायक शैलेष पांडेय अपने समर्थकों के साथ अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे थे। समर्थकों के साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे। यह घोर अनुशासहीनता है। मीडिया के सामने सरकार के खिलाफ जमकर बयानबाजी भी की है। ऊपर के इशारे पर और सिंहदेव समर्थक होने के कारण रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप भी लगाया। शहर कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी ने निष्कासन का प्रस्ताव पारित कर दिया है। राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया व पीसीसी चीफ मोहन मरकाम को प्रस्ताव की कॉपी भेज दी है।
प्रमोद नायक
अध्यक्ष,शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर