Bilaspur Railway News: प्रशिक्षण देकर रेलकर्मियों को बता रहे कैसी बुझानी है आग
Bilaspur Railway News: क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान,मंडल रेलपथ प्रशिक्षण केंद्र व विद्युत लोको प्रशिक्षण केंद्र में हो रहा आयोजन
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Wed, 22 Feb 2023 10:28:12 AM (IST)
Updated Date: Wed, 22 Feb 2023 10:28:12 AM (IST)

बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मंडल संरक्षा विभाग के नागरिक सुरक्षा निरीक्षक रेलवे के अलग- अलग केंद्रों में जाकर आग बुझाने की विधि के बारे में प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि आपातकालीन स्थिति में आग की रोकथाम कैसे करनी है। अग्निशमन यंत्रों के उपयोग के बारे में भी बताया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियो की संरक्षित व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर कार्य करती है। साथ ही यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि स्टेशन या ट्रेनों में अग्निश्मन यंत्र उपलब्ध है या नहीं। यदि उपलब्धता नहीं है तो वहां इसकी व्यवस्था भी कराई जा रही है। इसके साथ ही इस यंत्र का उपयोग कैसे करना है। जिससे आग बुझ जाए, इसके बारे में उन्हें बेहतर ढंग से समझाया जा रहा है। यह जरुरी भी है।
आमतौर पर यह देखा जाता है कि यंत्र की उपलब्धता होने के बाद भी उसका उपयोग करने के लिए कर्मचारियों को नहीं आता। इस वजह से समय पर आग नहीं बुझ पाती और बड़ी दुर्घटना हो जाती है। खासकर गर्मी के सीजन में इस तरह की घटनाएं अधिक होती है। यदि रेलकर्मी परिपक्व रहेंगे तो वह आसानी से आग पर काबू कर सकते हैं।
इससे संभावित दुर्घटनाएं टल सकती है। रेल कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरण का प्रयोग करने में दक्ष करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के तहत ही मंडल संरक्षा विभाग के नागरिक सुरक्षा निरीक्षक द्वारा बहु-विभागीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर, मंडल रेलपथ प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर, विद्युत लोको प्रशिक्षण केंद्र उसलापुर, ट्रेन तथा मंडल के विभिन्न् स्टेशनों में जाकर विशेष प्रशिक्षण अभियान चला रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान नागरिक सुरक्षा निरीक्षक के द्वारा कर्मचारियों का क्लास लेकर सुरक्षा मानकों और अग्निशमन यंत्र का प्रयोग करने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही आग से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ली जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया। इतना ही नहीं बारी- बारी से प्रत्येक कर्मचारियों से अग्निशमन यंत्र का प्रयोग करने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।
नहीं बुझा रहे आग तो हेल्पलाइन की लें मदद
रेलकर्मियों से कहा जा रहा है कि यदि आप आग को नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं, तब पास के अग्निशमन केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें हेल्पलाइन नंबर 112 को मुंह जुबानी याद रखने की सलाह दी गई। इसके साथ ही साथ शरीर के विभिन्न अंगों में त्रिकोणीय पट्टी के माध्यम से प्राथमिक उपचार करने के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।