Bilaspur Railway News: बिलासपुर(नईदनिया प्रतिनिधि)। घुटकू, बिल्हा, करगीरोड समेत अन्य छोटे स्टेशनों के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। गंतव्य पर जल्दी पहुंचने के लिए अब परेशानी नहीं होगी। कोरोनाकाल में इन स्टेशनों में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था, जिसे अब शुरू किया जा रहा है। इसके तहत टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस का अकलतरा, हीराकुंड एक्सप्रेस बुढ़ार, सांतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस का अनूपपुर, नर्मदा एक्सप्रेस का घुटकू, दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस का करगी रोड, बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस को खोडरी और बिल्हा रेलवे स्टेशन में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस व हसदेव एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत छह से आठ मार्च के बीच होगी।
कोरोनाकाल में रेलवे ने सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया था। स्थिति थोड़ी सामान्य होने पर ट्रेनें पटरी पर आईं तो छोटे- छोटे स्टेशनों में स्टापेज बंद कर दिया गया। सुविधा नहीं मिलने के कारण यात्री परेशान थे और रेल प्रशासन से नाराज भी। उन्हें लंबी दूरी की यात्रा करने के लिए आसपास के बड़े स्टेशनों पर जाना पड़ रहा था। कोरोनाकाल से पहले की तरह ट्रेनों के स्टापेज की मांग को लेकर बिल्हा, करगीरोड समेत अन्य जगहों पर आंदोलन भी किया गया। जनप्रतिनिधियों का भी दरवाजा खटखटाया।
तमाम तरह की जद्दोजहद के बाद अब जाकर रेल प्रशासन को यात्रियों की परेशानी समझ आई है और कुछ छोटे स्टेशनों में ट्रेनों का ठहराव देने का निर्णय लिया है। इस सुविधा की शुरुआत करने की घोषणा के साथ रेलवे ने संबंधित स्टेशनों में ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान का समय भी जारी कर दिया है। साथ ही यह भी घोषित कर दिया गया है कि सुविधा कब शुरू होगी। छह से आठ मार्च के बीच सभी आठ ट्रेनों का इन स्टेशनों में स्टापेज शुरू हो जाएगा। पहले की तरह स्टेशनों में ट्रेनों के आगमन की सूचना सुनाई देगी। इसे सुनने के लिए यात्रियों के कान तीन साल से तरस रहे थे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले सात स्टेशनों में आठ ट्रेनों का प्रायोगिक ठहराव छह माह के लिए दिया जा रहा है। हालांकि बाद में यह सुविधा स्थाई हो जाएगी। दरअसल पहले इन स्टेशनों में ट्रेनें ठहरती थी और बड़ी संख्या में यात्री सफर करते थे। खासकर शासकीय व निजी कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक है।
ट्रेन --- इस तिथि को छूटने वाली ट्रेन --- स्टेशन --- आगमन - प्रस्थान
18109 टाटा- इतवारी एक्सप्रेस --- छह मार्च --- अकलतरा --- 18:09 - 18:11
18110 इतवारी- टाटा एक्सप्रेस --- छह मार्च --- अकलतरा --- 8:09 - 9:01
20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर एक्सप्रेस --- सात मार्च --- बुढ़ार --- 21:44 - 21:46
20808 अमृतसर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस --- पांच मार्च --- बुढ़ार --- (रात)12:11 - 12:13
20828 सांतरागाछी-जबलपुर हमसफर --- आठ मार्च --- अनूपपुर --- 9:51 - 9:53
20827 जबलपुर-सांतरागाछी हमसफर --- नौ मार्च --- अनूपपुर --- (रात)12:44 - 12:46
18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस --- नौ मार्च --- घुटकू --- 12:16 - 12:18
18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस --- आठ मार्च --- घूटकू --- 13:01 -13:03
18241 दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस --- आठ मार्च --- करगीरोड --- (रात) 12:14 - 12:16 बजे
18242 अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस --- आठ मार्च --- करगीरोड --- 4:40 - 4:42 बजे
18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस --- नौ मार्च --- खोडरी --- 23:52 - 23:54
18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस --- आठ मार्च --- खोडरी --- (रात) 12:48 - 12:50 बजे
18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस --- नौ मार्च --- बिल्हा --- 14:38 - 14:40
18236 अमृतसर-कोरबा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस --- सात मार्च --- बिल्हा --- 10:24 -10:26
18250 कोरबा-रायपुर एक्सप्रेस --- नौ मार्च --- बिल्हा --- 8:51 - 8:53
18249 रायपुर-कोरबा एक्सप्रेस --- नौ मार्च --- बिल्हा --- 19:23- 19:25