बिलासपुर। Bilaspur Railway News: राजधानी व दूरंतो ट्रेन में खानपान की क्वालिटी व अन्य व्यवस्थाओं को परखने के लिए साथ सुधार करने के लिए आइआरसीटीसी विशेष अभियान चला रहा है। 10 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान अधिकारी व कर्मचारियों की टीम औचक पेंट्रीकार की जांच कर रही है। इस दौरान कुछ खामियां भी मिलीं। जिसे सुधारने का निर्देश दिया गया। ट्रेनों में खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आइआरसीटीसी के पास है। सभी ट्रेनों की पेंट्रीकार में आइआरसीटीसी ठेका देकर संचालन करती है। हालांकि ऐसा नहीं है कि निजी कंपनी को संचालन की जिम्मेदारी देने के बाद ध्यान नहीं दिया जाता।
नियमित जांच के अलावा विशेष जांच अभियान भी चलाकर व्यवस्था सुधारी जाती है। आइआरसीटीसी के मुख्यालय से जारी आदेश के बाद बिलासपुर में आइआरसीटीसी द्वारा विशेष अभियान चलाय जा रहा है। हालांकि इस बार अभियान केवल राजधानी व दूरंतो ट्रेनों के लिए है। इसलिए टीम इन्हीं ट्रेनों में औचक जांच कर रही है। इस दौरान कई कमियां भी मिलीं। शुक्रवार की सुबह सीएसटीएम- हावड़ा दूरंतो की पेंट्रीकार में यात्रियों व्हाइट ब्रेड दिया जा रहा था, जब नियमानुसार ब्राउन ब्रेड का है। इसके साथ ही कोच में कूडादान भी नहीं था। इन ट्रेनों के प्रत्येक कोच में कूडेदान की व्यवस्था पेंट्रीकार संचालक को करनी है।
अन्य ट्रेनों में रेलवे इसकी व्यवस्था करती है। लेकिन इसमें आइआरसीटीसी को जिम्मेदारी दी गई है। जांच के दौरान एरिया मैनेजर एसजे सोरेन को अधिकांश कोच में कूडादान नहीं मिला। इसके लिए उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की। इसके अलावा मैनेजर को इन कमियों का तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। इस जांच की रिपोर्ट भी बनाकर उन्होंने मुख्यालय भेजी है। ताकि संबंधित जोन इन खामियों को ठीक करा सके। एक दिन पहले गुरुवार को बिलासपुर- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में दबिश दी गई। यहां भी पेंट्रीकार में खामियां मिलीं। जिसके एरिया मैनेजर ने सुधार करने के निर्देश। उन्होंने बताया कि यह अभियान अभी जारी रहेगा। ट्रेन के समय पर टीम किसी भी स्टेशन में औचक जांच करेगी।