Bilaspur Railway News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे प्रशासन द्वारा पेंड्रारोड स्टेशन में निजी एवं सार्वजनिक वाहनों की पार्किंग स्टैंड के आवंटन के लिए खुली मुहरबंद कोटेशन आमंत्रित किया जा रहा है। पेंड्रारोड स्टेशन में दोपहिया वाहनों के लिए यह कोटेशन 90 दिनाें के लिए होगा। इसके बाद स्थाई ठेका किया जाएगा।
अकेले पेंड्रारोड स्टेशन नहीं है, जहां पार्किंग की अस्थाई व्यवस्था की जा रही है। बिलासपुर में भी यह पद्धति अपनाई जा रही है। दरअसल नए सिरे से ठेका करने में काफी समय लगता है। इस प्रक्रिया की पूरी होते तक स्टेशनों में पार्किंग की व्यवस्था चरमराई सकती है। रेल प्रशासन ऐसा बिल्कुल नहीं चाहता। इससे यात्रियों व उनके स्वजन को ही परेशानी होगी।
इसलिए तीन महीने यानी 90 दिनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। रेलवे के अनुसार कोटेशन प्रपत्र सात नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 03.30 बजे तक वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय बिलासपुर में जमा किया जा सकता है। कोटेशन प्रपत्र वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक कार्यालय बिलासपुर से किसी भी कार्य दिवस में निश्शुल्क प्राप्त किया जा सकता है।
साथ ही स्थानीय वाणिज्य निरीक्षक बिलासपुर से भी प्राप्त किया जा सकता है। इच्छुक कोई भी व्यक्ति इस कोटेशन आवंटन में भाग ले सकता है। मालूम हो कि स्टेशन चाहे जो भी वहां स्टैंड को लेकर आए दिन विवाद होता है। रेलवे द्वारा पार्किंग व्यवस्था करने के बाद भी स्टैंड कर्मचारी व आम लोगों के बीच विवाद होता है। इस तरह की व्यवस्था करने से कम से कम सामान्य यात्रियों को राहत मिलती है।
मालूम हो कि उसलापुर रेलवे स्टेशन में लाइसेंस फीस जमा नहीं करने पर रेलवे ने वहां का ठेका रद कर दिया है। अब वहां स्टैंड की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्री या उनके स्वजन गाड़ियां नहीं रख पा रहे हैं। यदि रख भी रहे हैं तो जहां जगह मिलती है वहां रख दी जा रही है। इससे चोरी होने का खतरा रहता है।