बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)।Bilaspur Railway News: जोनल स्टेशन के प्लेटफार्म एक से दो- तीन और चार- पांच पर जाने बनाए गए पाथ- वे अब तक जर्जर स्थिति में हैं। जबकि इसकी मरम्मत की बेहद जरुरी है। दरअसल इस पाथ- वे के जरिए पार्सल ठेला गुजरता है। जिसे दो से तीन कर्मचारी ढकेल कर ले जाते हैं। लेकिन मरम्मत नहीं होने और स्थिति जर्जर होने के कारण ठेले का पहिया किसी दिन भी गड्डे में फंस सकता है या फिर ठेला पलटकर पार्सल पटरी पर बिखर सकता है। यदि ऐसा हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रेनों के परिचालन भी प्रभावित हो सकते हैं।
पाथ- वे की आवश्यक रेलवे स्टेशन में पड़ती ही है। इसलिए दोनों छोर पर इसका निर्माण किया गया। प्लेटफाम चार- पांच का पाथ- वे तो इतनी जर्जर स्थिति में हैं कि वहां पार्सल लोड ठेला जा ही नहीं सकता है। श्रमिकों को पहले ठेला रोकर पार्सल को प्लेटफार्म तक पहुंचना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि इस समस्या की जानकारी रेल प्रशासन के जिम्मेदार अफसरों को नहीं है। वह जानबुझकर इसे ध्यान नहीं देते, जबकि इसके चलते हर समय दुर्घटना की आशंका रहती है। जर्जर पाथ- वे का एक बड़ा नुकसान यात्रियों को भी हो रहा है।
खासकर दिव्यांग व बुजुर्ग यात्री। दरअसल इन यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन में निश्शुल्क बैटरी कार सुविधा दी गई है। यह कार जब से कोरोना की स्थिति सामान्य हुई और केवल प्लेटफार्म एक, छह, सात व आठ में चल रही है। दो- तीन या चार - पांच तक पर नहीं जाती।
जबकि सबसे ज्यादा आवश्यकता इसी प्लेटफार्म पर ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों की पड़ती है या फिर यहां से सफर शुरू करने वाले यात्रियों को। कई बार जर्जर स्थिति में कार चालक ने चलाने का प्रयास किया और कार में तकनीकी खराबी आ गई। कार बिगड़ने के कारण यात्रियों को कई दिनों तक बैटरी कार की सुविधा नहीं मिल पाई थी।