Bilaspur Railway News: लोहे से घेर दिया था रास्ता, टकराकर गिरने लगे यात्री तो हटाया
Bilaspur Railway News: जोनल स्टेशन के सामने दोनों मार्ग को खोला गया
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sun, 15 Jan 2023 01:22:28 PM (IST)
Updated Date: Sun, 15 Jan 2023 01:22:28 PM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जोनल स्टेशन में जीआरपी के सामने सर्कुलेटिंग एरिया में दोनों मार्ग को लोहा रखकर बंद कर दिया गया था। लेकिन अधिकांश यात्री या उनके स्वजन को इसकी जानकारी नहीं थी। स्वजन को छोड़कर निकलने के लिए बंद रास्ते तक पहुंच रहे थे। गाड़ी धीमी रहती तो वे थम जाते, लेकिन थोड़ी भी तेज गाड़ी नियंत्रित हो रही थी। लगातार तीन दिन तक यहां यात्री व स्वजन गिर रहे थे। उन्हें चोट भी आई। जब इसकी जानकारी रेल प्रशासन को मिली तो आनन-फानन में लोहे को हटाया गया। अब यह दोनों मार्ग खुल गया है।
रेल प्रशासन स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए नए-नए प्रयोग कर रहा है। इसी के तहत बुधवारी बाजार और चुचुहियापारा ब्रिज जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। यहां लोहे लगा दिए गए हैं। इसके कारण केवल दोपहिया वाहन ही जा सकते हैं। यह मार्ग बंद होने के बाद सर्कुलेटिंग एरिया जीआरपी थाने के सामने के दोनों मार्ग बंद कर दिए गए। लोहा राखने की जानकारी अधिकांश लोगों को नहीं थी।
काफी दिनों बाद स्टेशन आने वाले यात्री व स्वजन को यही लग रहा था कि यह मार्ग खुला है। इसकी वजह से वे गाड़ी इसी मार्ग पर मोड़ दे रहे थे। इस कारण कई गाड़ियां लोहे से टकराईं। इससे यात्रियों को चोट भी लगी। हालांकि बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह कभी भी हो सकता था। इसके लिए रेल प्रशासन जिम्मेदार होता। यही सोचकर रेलवे ने आनन-फानन में मार्ग में रखे लोहे को हटाने का निर्देश दिया।
संबंधित विभाग को यह भी कहा गया कि इससे कारण यात्रियों को लगातार चोट लग रही है। इसलिए जब तक स्थाई रूप से मार्ग बंद करने की व्यवस्था नहीं होती, यह खुला ही रहेगा। अब जाकर यात्री व स्वजन को राहत मिली है।