
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। पूर्व तटीय रेलवे के संबलपुर मंडल के अंतर्गत बृंदामल स्टेशन में बृंदामल-झारसुगुड़ा फ्लाईओवर लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
21, 24 और 26 दिसंबर को टिटलागढ़ और बिलासपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर दोनों दिशाओं में निरस्त रहेगी। यात्रियों को इन तारीखों में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।
26 दिसंबर को विशाखापत्तनम से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस निर्धारित समय से चार घंटे विलंब से रवाना होगी। इस वजह से इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ेगा।
सर्दियों में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने तकनीक का सुरक्षा कवच तैयार किया है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए तीनों रेल मंडलों में 3657 फाग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। ये उपकरण लोको पायलटों को सिग्नल, रेलवे स्टेशन और समपार फाटकों की पूर्व सूचना देकर सतर्क करेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी, पहाड़ी और घने जंगलों वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से परिचालन चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में फाग सेफ डिवाइस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस उपकरण में जीपीएस एंटीना और पहले से फीड रेलमार्ग का डेटा होता है। इसमें स्टेशन, सिग्नल, मानवित-अमानवित समपार फाटक और न्यूट्रल सेक्शन की जानकारी दर्ज रहती है। स्क्रीन पर सूचना के साथ आडियो अलर्ट भी मिलता है। अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है।
यह डिवाइस सिंगल, डबल लाइन, विद्युतीकृत और गैर-विद्युतीकृत रेलखंडों के अलावा इलेक्ट्रिक-डीजल इंजन, ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी उपयोगी है। इसमें 18 घंटे का रिचार्जेबल बैटरी बैकअप है। हल्का, छोटा और पोर्टेबल होने से इसे इंजन के कैब डेस्क पर रखा जा सकता है। रेलवे का उद्देश्य आधुनिक तकनीक से कोहरे में भी संरक्षित और सुगम परिचालन सुनिश्चित करना है।