बिलासपुर: ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान,कब समय पर चलाएंगे रेलवे के पास नहीं है जवाब
शिवनाथ छह घंटे, कविगुरु एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, सारनाथ व अमरकंटक सात- सात घंटे विलंब से पहुंची
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Mon, 22 Aug 2022 01:58:38 PM (IST)
Updated Date: Mon, 22 Aug 2022 01:58:38 PM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेलवे ट्रेनों को समय पर नहीं चला पा रही है। सोमवार को भी ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हुए। सबसे हैरानी की बात यह है कि इस लेटलतीफी की वजह या फिर कब समय पर चलेंगी, इसका रेल प्रशासन के पास कोई जवाब नहीं है। मसलन यात्रियों को अब राहत मिलना मुश्किल है। इसी तरह यात्रा करनी पड़ेगी। इधर अलग- अलग तिथि में 31 तक 62 ट्रेनों को रेलवे ने रद कर दी है। इसके चलते यात्रियों को केवल दिक्कतों का ही सामना करना पड़ रहा है।
हमेशा की तरह सोमवार को भी सभी दिशाओं की ट्रेनें बिलासपुर रेलवे स्टेशन में विलंब से पहुंची। कवि गुरु एक्सप्रेस के लिए यात्रियों चार घंटे 30 मिनट इंतजार करना पड़ा। इसी तरह छपरा से दुर्ग जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस व भोपाल से दुर्ग जाने वाले अमरकंटक एक्सप्रेस सात घंटे देर से पहुंची। हालांकि इस ट्रेन में बिलासपुर से सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कत नहीं हुई। क्येांकि यह ट्रेन दुर्ग में जाकर समाप्त हो जाती है। पर जो यात्री इसमें सफर कर रहे थे, उनका हाल बेहाल था।
वह नाराज थे और परेशान भी दिखे। उन्हें रेलवे की लापरवाही के चलते बेवजह सात घंटे अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ी। ज्ञानेश्वर सुपरडीलक्स भी दो घंटे देरी से पहुंची। यह दूसरे जोन से आने वाली ट्रेनें हैं। जिसमें रेलवे हमेशा पल्ला झाड़ देती है कि दूसरे जोन में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। बिलासपुर जोन में ट्रेन समय पर चलती है। पर इतवारी- बिलासपुर शिवनाथ एक्सप्रेस, जिसका परिचालन जोन में ही होता है। उसे भी रेलवे समय पर नहीं चला पा रही है।
बीते डेढ़ महीने से यह ट्रेन तीन से पांच घंटे विलंब से पहुंची। इंटरसिटी एक्सप्रेस भी देरी से चल रही है। हालांकि शिवनाथ एक्सप्रेस को इंटरसिटी एक्सप्रेस बनाकर बिलासपुर से समय पर तो रवाना कर दिया। पर रोज यह कर पाना संभव नहीं है। जब तक ट्रेनें समय पर नहीं चलेंगी, यात्रियों की दिक्कत खत्म होने वाली नहीं है।