बिलासपुर: ढाबे में हंगामा, मना करने पर संचालक और उसके बेटे की कर दी पिटाई
मारपीट से घायल ढाबा संचालक ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की संख्या पांच दिख रही थी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 20 Oct 2022 04:53:59 PM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Oct 2022 04:53:59 PM (IST)

बिलासपुर। बुधवार की रात युवकों ने तोरवा क्षेत्र के ढाबे में हंगामा किया। मना करने पर उन्होंने ढाबा संचालक और उसके बेटे की पिटाई कर दी। मारपीट से घायल ढाबा संचालक ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
तोरवा क्षेत्र के ग्राम ढेका में रहने वाले सौरभ मौर्य व्यवसायी है। ढेका के मुख्य मार्ग में वे मौर्या ढाबा फैमिली व रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। बुधवार की रात दर्रीघाट निवासी योगेश तिवारी अपने साथियों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए आया था। रेस्टोरेंट में बैठकर वह साथियों के साथ गाली गलौज कर रहा था। ढाबे में वेटर का काम करने वाले युवक ने उसे मना किया। इस पर योगेश वेटर को धमकाने लगा। ढाबा संचालक ने समझाइश देकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद योगेश लौट गया।
करीब 20 मिनट बाद वह अपने साथियों के साथ ढाबे में लौटा। आते ही उसने ढाबा संचालक के पिता रमेश मौर्य से गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। इसे देख सौरभ बीच-बचाव करने पहुंचे। युवकों ने लाठी और बेल्ट से सौरभ की भी पिटाई की। मारपीट के बाद युवक वहां से लौट गए। इधर मारपीट की पूरी घटना ढाबे के सीसीटीवी में कैद हो गई। ढाबा संचालक ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की।
इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की संख्या पांच दिख रही थी। इस पर पुलिस ने मामले में बलवा की धारा भी जोड़ दी। पुलिस ने सभी पांच आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।