बिलासपुर की पहली महिला एसपी पारुल माथुर ने रात में नापी सड़क
यातायात व्यवस्था का लिया जाएगा, अधिकारियों को दिए निर्देश
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Sat, 11 Dec 2021 07:31:00 AM (IST)
Updated Date: Sat, 11 Dec 2021 09:21:22 AM (IST)

बिलासपुर। शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही एसपी पारुल माथुर ने सिविल लाइन थाने से तारबाहर चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए कहा।
जिले की नई एसपी पारुल माथुर ने शुक्रवार को जिले की कमान संभाल ली। सुबह पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने अधिकारियों से सामान्य जानकारियां लीं। इसके बाद उन्होंने शाम को एएसपी सिटी उमेश कश्यप, एएसपी यातायात रोहित बघेल व सीएसपी सिविल लाइन मंजूलता बाज के साथ सिविल लाइन थाने से पैदल भ्रमण शुरू किया।
एसपी ने सत्यम चौक के पास यातायात व्यवस्था देखी। इसके बाद वे अग्रसेन चौक तक पैदल गईं। इस दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को देखकर एसपी ने यातायात एएसपी को ऐसे मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वे पैदल ही लिंक रोड होते हुए श्रीकांत वर्मा मार्ग तिराहे तक गईं। यहां पर उन्होंने एएसपी सिटी उमेश कश्यप व एएसपी रोहित बघेल से चर्चा कर यातायात व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। उन्होंने चौक पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाने के निर्देश दिए। एसपी पैदल ही तारबाहर तक पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने व्यापार विहार में जाकर व्यवस्था देखी।
मेरे लिए नया नहीं है शहर
एसपी पारुल माथुर ने प्रभार लेने के बाद चर्चा करते हुए कहा कि उनके लिए बिलासपुर नया शहर नहीं है। यहां वे प्रशिक्षु के रूप में काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही जिले से लगे मुंगेली और जांजगीर में बतौर एसपी काम किया है। इसके कारण जिले के संबंध में उन्हें जानकारी है।
जिले की पहली महिला एसपी
पारुल माथुर बिलासपुर जिले की पहली महिला एसपी हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी माथुर ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि काम के दौरान महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके लिए महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं को दूर करने प्रयास किया जाएगा।
चिटफंड कंपनियों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी माथुर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूम चिटफंड कंपनियों के फरार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान जिले में पहले से चल रहा है। इसे आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जिले के पूर्व एसपी दीपक झा के कार्यकाल को अच्छा बताया।
यातायात आरक्षक को किया निलंबित
गुस्र्वार की रात पुराना बस स्टैंड के पास सड़क किनारे बैठे बुजुर्ग से मारपीट और अपनी ही वर्दी उतारने के मामले को एसपी पारुल माथुर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने आरक्षक रजनीश लहरे को निलंबित कर दिया है। इस दौरान आरक्षक पुलिस लाइन में अटैच रहेंगे। वहीं, उन्होंने मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं।