यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
National Mango Festival 2024: राष्ट्रीय मैंगो फेस्टिवल में बिलासपुर के आम होंगे सबसे खास
इस कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ एवं देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक शामिल होंगे।
Publish Date: Sun, 02 Jun 2024 08:20:33 AM (IST)Updated Date: Sun, 02 Jun 2024 08:20:33 AM (IST)
फाइल फोटोHighLights
- रायपुर में 12 जून से तीन दिनी राष्ट्रीय आम महोत्सव।
- 150 आम की किस्मों और 56 अनोखे व्यंजन होंगे शामिल।
- पंजीयन होगा अनिवार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रायपुर में 12 जून से राष्ट्रीय मैंगो फेस्टिवल होने वाला है। आम के शौकिनों में इसे लेकर बड़ी बेसब्री है। फेस्टिवल में 50 किस्मों के आम और 56 अनोखे व्यंजन सभी को आकर्षित करेंगे। बिलासपुर के कृषि महाविद्यालय से भी खास आम पहुंचेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 12, 13 एवं 14 जून को कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 150 से अधिक किस्मों एवं आम से बने 56 व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ एवं देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक शामिल होंगे। इस अवसर पर आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आयोजित है।
इसके अतिरिक्त आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जिसमें विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य सामान्यजन भी पंजीयन कर भागीदारी कर सकते हैं। इस प्रतियोगिता में पंजीयन एवं प्रवेश पूर्णतया निश्शुल्क रहेगा। राष्ट्रीय आम महोत्सव में संस्थागत एवं व्यक्तिगत प्रतियोगी भी सहभागी बन सकते हैं। बीटीसी कोनी के कृषि विज्ञानी अजीत विलियम्स ने बताया कि इस फेस्टिवल में बिलासपुर के किसान भी अपने आम का प्रदर्शन करेंगे।
पंजीयन होगा अनिवार्य
आयोजन के प्रथम दिवस 12 जून को प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात सामान्यजनों के लिए प्रदर्शनी अवलोकनार्थ सायः 9 बजे तक खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी में आम की विभिन्न किस्मों के फल, आम के विभिन्न उत्पाद एवं आम के पौधे भी सामान्यजनों हेतु विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आयोजन के द्वितीय दिवस आम उगाने वाले कृषकों एवं जिज्ञासुओं के लिए 13 जून को 12 बजे से चार बजे तक तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता के आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन, आम के विभिन्न उत्पाद एवं उनके विपणन के साथ ही आम उत्पादन के लिए छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की जाएगी।