बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
ब्रजराजनगर, लजकुरा व बेलपहार स्टेशन यार्ड को तीसरी व चौथी लाइन से जोड़ने के लिए किया जा रहा नॉन - इंटरलाकिंग कार्य पूरा हो गया है। इसके चलते रविवार से ट्रेनों का परिचालन सामान्य भी हो गया है। इससे यात्रियों को राहत मिली है। पहले ब्लॉक 19 दिसंबर को खत्म होना था। लेकिन दो दिन का काम और बॉकी होने के कारण 21 दिसंबर तक ट्रेनें रद कर दी गई थीं।
इस ब्लॉक के कारण झारसुगुडा - बिलासपुर के मध्य 58113 टाटानगर-बिलासपुर पैसेंजर, बिलासपुर - झारसुगड़ा के मध्य 58114 बिलासपुर-टाटानगर पैसेंजर, 68737/68738 रायगढ़ - बिलासपुर मेमू , 58117/58118 झारसुगुडा - गोंदिया पैसेंजर झारसुगुडा - बिलासपुर के मध्य व 58213/58214 टिटलागढ़ - बिलासपुर पैसेंजर टिटलागढ़ - रायगढ़ के मध्य रद कर दी गई थी। सबसे ज्यादा इन्हीं ट्रेनों के यात्रियों को हुई। सर्वाधिक भीड़ पैसेंजर या लोकल ट्रेनों में रहती है। हालांकि वैकल्पिक तौर पर 12834 हावड़ा - अहमदाबाद एक्सप्रेस को झारसुगुड़ा - रायगढ के मध्य, 13287 दुर्ग - राजेंद्रनगर साउथ बिहार एक्सप्रेस बिलासपुर - रायगढ़ के मध्य पैसेंजर बनकर चल रही थी। वहीं यात्रियों की मांग पर 13288 राजेंद्रनगर - दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस का दो मिनट का अस्थायी ठहराव बाराद्वार, जांजगीर नैला एवं जयरामनगर स्टेशनों में दी गई थी। इससे कुछ राहत तो मिली। लेकिन पूरी तरह समस्या खत्म नहीं हुई थी। रविवार को पैसेंजर बनकर चल रही साउथ बिहार एक्सप्रेस बनकर रवाना हुई। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली। पैसेंजर बनने के कारण उनकी यात्रा की अवधि बढ़ चुकी थी। इसके चलते वे नाराज भी थे।