
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर स्थित भैरव बाबा मंदिर के पास अंगूठी और प्रसाद बेचने वाले दुकान संचालक पर 10 रुपये के विवाद में चाकू से हमला करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नशीली टेबलेट भी बरामद की है। मामले में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि भैरव बाबा मंदिर के पास रहने वाले नूतन तंबोली प्रसाद और अंगूठियों की दुकान लगाते हैं। बुधवार की शाम नेवसा उसराभाठा में रहने वाला नवीन कुमार बैसवाड़े (28) भैरव बाबा मंदिर के पास पहुंचा था। नवीन और उसके दो साथी नूतन की दुकान पर पहुंचे और अंगूठियां देखने लगे। इस दौरान एक अंगूठी की कीमत को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि कीमत को लेकर हुए विवाद में करीब 10 रुपये को लेकर कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान नवीन ने चाकू निकालकर दुकान संचालक नूतन तंबोली पर हमला कर दिया। हमले में नूतन घायल होकर लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर घायल को संभाला।
यह भी पढ़ें- कोटा का चर्चित निखिल गोस्वामी हत्याकांड, फरार चल रहे भोला दास सहित 4 आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल
वहीं हमला करने के बाद नवीन अपने साथियों के साथ भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। बाद में लोगों ने आरोपित को रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 नशीला टेबलेट बरामद की गई। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।