By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Tue, 01 Feb 2022 12:20:00 PM (IST)
Updated Date: Tue, 01 Feb 2022 12:20:12 PM (IST)
बिलासपुर । भारतीय नगर आयकर कार्यालय के सामने नगर निगम की खाली जमीन पर व्यावसायिक काम्पलेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इससे नगर निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार होगी। इसकी स्वीकृति एमआइसी ने दे दी है। महापौर रामशरण यादव ने सोमवार को विकास भवन के दृष्टि सभागार में एमआइसी सदस्यों की उपस्थिति में बैठक ली। काम्पलेक्स निर्माण समेत कुल 29 प्रस्ताव रखे गए।
उन पर चर्चा के बाद उन्हें पास किया गया। बैठक में सभापति शेख नजीरुद्दीन, नगर निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, एमआइसी सदस्य अजय यादव, राजेश शुक्ला, बजरंग बंजारे, विजय केशरवानी, भरत कश्यप, संध्या तिवारी, परदेशी राज, पुष्पेंद्र साहू, जोन कमिश्नर सहित अन्य उपस्थित थे।
बिलासा ताल और जोरापारा की सड़क संवरेगी
बिलासा ताल से देवनगर तक सड़क जर्जर हो गई है। इन समस्यओं को लेकर बीते दिनों वहां के नागरिकों ने महापौर से मुलाकात की थी। इस पर संज्ञान में लेते हुए महापौर रामशरण यादव ने बिलासा ताल से देव नगर तक 56 लाख की लागत से सड़क निर्माण का प्रस्ताव एमआइसी में लाया था। इसे सभी सदस्यों की सहमति से मंजूर कर लिया गया। इसी तरह जोरापारा मोड़ से जोरापारा तालाब तक की जर्जर सड़क को संवारने के लिए 54 लाख का प्रस्ताव पास किया गया है। इस सड़क का भूमिपूजन पांच फरवरी को किया जाएगा।
निगम के स्कूल अंग्रेजी माध्यम में होंगे परिवर्तित
एमआइसी की बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि शासकीय हाई स्कूल जरहाभाठा, शासकीय पूर्व माध्यमिक विालय तिलक नगर, शासकीय पूर्व माध्यामिक शाला दयालबंद, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरीखुर्द को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित की जाए। मेयर इन काउंसिल के सदस्यों ने इस प्रस्ताव को पास कर दिया। इसके साथ ही शासकीय बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला के खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की अनुमति भी प्रदान की गई है।
तीन समाजों को एमआइसी की सौगात
1. मोपका-चिल्हाटी चौक पर लगेगी राव तुलारामजी की प्रतिमा
मोपका चिल्हाटी चौक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राव तुलाराम जी की आदमकद प्रतिमा की स्थापना का प्रस्ताव पास किया गया। राव तुलाराम सिंह यादव 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्हें हरियाणा राज्य में राज नायक माना जाता है। विद्रोह काल में दिल्ली में विद्रोही सैनिकों की सहायता प्रदान करने का श्रेय उन्हें जाता है। अंग्रेजों से लड़ने के लिए मदद लेने को उन्होंने भारत छोड़ा और ईरान व अफगानिस्तान के शासकों से मुलाकात की। रूस के जार से संपर्क की उनकी योजनाएं थीं। इसी बीच 37 वर्ष की आयु में 23 सितंबर 1863 को काबुल के युद्ध में उन्होंने वीरगति पाई। बिलासपुर यादव समाज के जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, संरक्षक भुवनेश्वर यादव, डा. सोमनाथ यादव की मांग पर एमआइसी सदस्य अजय यादव ने उनकी प्रतिमा स्थापित करने की अनुशंसा कर मेयर को पत्र लिखा था, जिसे मेयर ने एमआइसी में लाया।
2. मगरपारा चौक में विश्वकर्मा गेट का होगा निर्माण
निगम अध्यक्ष शेख नजीरुद्दीन और एमआइसी सदस्य सीताराम जायसवाल की अनुशंसा पर मगरपारा चौक से तालापारा जाने वाले मार्ग पर विश्वकर्मा प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव लाया गया। इसे भी स्वीकृति दी गई। इसकी मांग विश्वकर्मा समाज की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने की थी।
3. सिंधी कॉलोनी गेट का होगा जीर्णोद्धार
स्मार्ट सड़क पर वन विभाग कार्यालय के सामने जो भक्त कंवर राम प्रवेश द्वार बना हुआ है। सड़क निर्माण के दौरान यह क्षतिग्रस्त हो गया था। सिंधी समाज की ओर से इसके जीर्णोद्धार की मांग की गई थी। इस पर चर्चा के बाद भक्त कंवर राम प्रवेश द्वार का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया गया।