_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: यदि आप पनीर खाने के शौकीन हैं और शहर की डेयरी या नामी होटलों व रेस्तरां से पनीर मंगाकर खा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। आपकी थाली में परोसा जा रहा पनीर सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ताजा जांच रिपोर्ट ने शहर में बिक रहे पनीर की शुद्धता की पोल खोल दी है।
बीते एक माह के भीतर शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए पनीर के पांच सैंपल प्रयोगशाला की जांच में फेल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ये सैंपल अमानक (सब-स्टैंडर्ड) और मिलावटी पाए गए हैं, जो सीधे तौर पर खाने लायक नहीं हैं।
राज्य स्तर पर पहले ही एनालाग पनीर (सिंथेटिक या वनस्पति तेल से बने नकली पनीर) के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद मुनाफाखोरों द्वारा मिलावटी पनीर खपाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। विभाग द्वारा पिछले दिनों चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान शहर के प्रमुख डेयरी संचालकों और रेस्तरां से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए थे। एक माह के भीतर मिली जांच रिपोर्ट में पांच प्रतिष्ठानों के पनीर मानकों पर खरे नहीं उतरे।
लगातार मिल रही मिलावट की शिकायतों और जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि के बाद आम लोगों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे पनीर खरीदने या खाने से पहले उसकी शुद्धता को जरूर परखें। मिलावटी और अमानक पनीर का सेवन लिवर, किडनी और पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
यह भी पढ़ें- SGGU अंबिकापुर के पीएचडी चयन सूची पर बवाल, बिना परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हुए अभ्यर्थियों के नाम दर्ज
पिछले एक माह में प्राप्त रिपोर्ट में फेल नमूनों की सूची
ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान
असली पनीर को हाथ से मसलने पर यह टूटकर बिखरने लगता है, जबकि मिलावटी पनीर रबड़ की तरह खिंचता है या चिपचिपा हो जाता है। पनीर के एक टुकड़े को पानी में उबालकर ठंडा कर लें। इसमें दो बूंद आयोडीन टिंचर डालें। यदि पनीर का रंग नीला पड़ जाए, तो समझ लें कि इसमें स्टार्च या मैदे की मिलावट की गई है। शुद्ध पनीर में दूध की हल्की मीठी गंध होती है और यह खाने में मुलायम होता है। नकली पनीर का स्वाद फीका या हल्का कसैला हो सकता है।
वर्जन
बीते एक माह में प्राप्त जांच रिपोर्ट में शहर के पांच प्रतिष्ठानों से लिए गए पनीर के सैंपल अमानक पाए गए हैं। संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मिलावटखोरी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से भी अपील है कि वे पनीर खरीदते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और संदेह होने पर विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।
आरआर देवांगन, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग