
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर के कुदुदंड स्थित मिलन चौक से चांदनी चौक तक जाने वाली लगभग 200 मीटर की नई सीसी रोड बनने के महज दो महीने बाद ही फिर से बनानी पड़ रही है। सितंबर माह में बनी इस सड़क की ऊपरी परत को अब ठेका फर्म द्वारा दोबारा तैयार किया जा रहा है, जिससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटिया निर्माण पर निगम की मूक सहमति, अब दोबारा बनने का ढिंढोरा पीटकर जनता को कर रहें गुमराह।
जानकारी के अनुसार, सितंबर माह में ठेका फर्म एसी एसोसिएट्स द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था। जब सड़क की ढलाई की गई थी और सीमेंट कच्चा ही था, उसी दौरान आसपास के शरारती तत्वों ने गीली सड़क पर ही लगातार वाहन चला दिए। ढलाई के तुरंत बाद गाड़ियां दौड़ने के कारण सड़क की पहली परत उबड़-खाबड़ और काफी कमजोर हो गई थी।
सड़क की गुणवत्ता खराब होने और परत उखड़ने के बाद नगर निगम के निर्देशों के तहत अब ठेका फर्म द्वारा सुधारात्मक कार्य कराया जा रहा है। फर्म द्वारा सड़क की प्रभावित ऊपरी परत को फिर से मजबूत (स्ट्रेंथेंड) करने के लिए ढलाई की जा रही है, ताकि सड़क टिकाऊ बन सके। इस संबंध में नगर निगम प्रबंधन का कहना है कि सड़क की मजबूती की जिम्मेदारी ठेका फर्म की थी, शरारती तत्वों ने सड़क को बिगाड़ा, लेकिन इसे रोकने की जिम्मेदारी भी ठेका कंपनी की थी।
ऐेसे में कंपनी को ही अपने खर्च से बनाने का निर्देश दिया गया है।इस संबंध में जोन तीन के जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप ने जानकारी दी कि मरम्मत काम चल रहा है, सीसी रोड का पहला परत फिर से बनाया जा रहा है। जल्द ही सड़क निर्माण पूरा कर मजबूत सड़क दी जाएगी।