नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश की बची सीटों ने एक बार फिर विद्यार्थियों के लिए अवसर खोल दिया है। 29 सितंबर को विशेष आफलाइन यूजी काउंसिलिंग यानी स्पाट काउंसिलिंग आयोजित होगा। 24 सितंबर की स्थिति में विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 92 सीटें रिक्त हैं।
खास बात यह है कि सीयूईटी यूजी 2026 में शामिल नहीं होने वाले और आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थी भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश के लिए दावा पेश कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विशेष आफलाइन काउंसिलिंग दिशा-निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों को 29 सितंबर को संबंधित विभाग में सुबह 9:30 से 11 बजे के बीच पहुंचना होगा। विभागवार रिक्त सीटों की सूची विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जारी की गई है। काउंसिलिंग में पहले उसी पाठ्यक्रम में पंजीकृत और गैर-समाप्त मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके बाद संबंधित सीयूईटी विषय या टेस्ट पेपर का स्कोर कार्ड रखने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट बनेगी।
तीसरे चरण में 12वीं, एचएसएससी के अंकों के आधार पर अन्य विद्यार्थियों को अवसर दिया जाएगा। बराबरी की स्थिति में पूर्व निर्धारित टाई-ब्रेक नियम लागू होगा। रिक्त सूची में कुल 2152 स्वीकृत सीटों के मुकाबले 92 सीटें खाली बताई गई हैं। इनमें 36 यूआर, 9 एससी, 2 एसटी, 33 ओबीसी और 12 ईडब्ल्यूएस सीटें शामिल हैं।
सबसे अधिक 16 सीटें पांच वर्षीय एकीकृत बी.काम एलएलबी में तथा 10 सीटें बीएससी आनर्स ग्रामीण प्रौद्योगिकी में हैं। प्रवेश के समय मूल दस्तावेज, निर्धारित शुल्क और आवश्यक प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य है। प्रवेश मिलने के चार कार्यदिवस के भीतर स्थानांतरण प्रमाणपत्र जमा नहीं करने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।
सबसे ज्यादा खाली सीटें, ये दस विषय
विषय रिक्त सीटें
पांच वर्षीय एकीकृत बी.काम.-एलएलबी 16
बीएससी आनर्स ग्रामीण प्रौद्योगिकी 10
बीए आनर्स पत्रकारिता एवं जनसंचार 6
बीएससी आनर्स इलेक्ट्रॉनिक्स 6
बीए आनर्स हिंदी 5
बीएससी आनर्स मानवविज्ञान 5
बीएससी आनर्स फॉरेंसिक साइंस 5
बीए आनर्स मानवविज्ञान 4
बीए आनर्स अर्थशास्त्र 4
बीए आनर्स राजनीति विज्ञान 4
कागजात में चूक हुई तो सीट हाथ से जाएगी
काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों को 10वीं,एचएससी अंकसूची, 12वीं, एचएसएससी अंकसूची, लागू होने पर जाति, पीडब्ल्यूडी या ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, जीजीवी सीयूईटी यूजी आवेदन, सीयूईटी यूजी स्कोर कार्ड और उपलब्ध होने पर स्थानांतरण प्रमाणपत्र मूल रूप में लाना होगा। शुल्क आनलाइन जमा करने के लिए पर्याप्त बैंक बैलेंस रखना होगा। तय समय में शुल्क जमा नहीं करने पर सीट अन्य अभ्यर्थी को दी जा सकती है।