
नईदुनिया प्रतिनिधि, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोडरी चौकी के ग्राम रानीझाप में एक विधवा महिला के साथ अमानवीय और शर्मनाक व्यवहार का मामला सामने आया है। अवैध संबंध के चलते महिला को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसकी साड़ी उतारकर अर्धनग्न हालत में पूरे गांव में घुमाया गया। उसके मुंह पर गोबर पोता गया।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार 24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे ग्राम रानीझाप में हुई। पीड़ित महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। करीब एक साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। उसके बाद महिला का गांव के ही एक 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हरि प्रसाद विवाहित है। उसके दो छोटी उम्र की बेटियां भी हैं।
बताया गया कि महिला और हरि प्रसाद 29 अक्टूबर 2025 को गांव से भाग गए थे। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रह रहे थे। शुक्रवार 23 जनवरी को दोनों जब गांव लौटे, तो गांव में विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने पुलिस के सामने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई। चौकी में समझाइश के बाद दोनों अपने गांव लौट आए।
शुक्रवार रात महिला और हरि प्रसाद ने गांव के ही भुल्लन गोंड़ के घर शरण ली थी, लेकिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, उसका भाई मनोज राठौर, बहन यशोदा राठौर सहित अन्य लोग एकत्रित हो गए।
इस मामले में गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि हरि प्रसाद राठौर की पत्नी, भाई और बहन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जमानत पर रिहा किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे सेंसिटिव मोड में रखा गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।