
बिलासपुर। CG Folk Singer: छत्तीसगढ़ी लोकगीत व भजन गायिका माहुरी शर्मा का एक गीत यूट्यूब पर धूम मचा रहा है। इसे अब तक 11 से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। इसके शुरुआती बोल आवा दाई आवा दाई है। माहुरी ने इस बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वैसे देखा जाए तो इस गीत की शुरुआत लगभग 20 वर्ष पूर्व हुई थी जब इस गीत को छत्तीसगढ़ के लोक गायक व उनके पिता अंचल शर्मा ने गाया था। माहुरी शर्मा के पिता अंचल ने इस गीत में संगीत एवं स्वर दोनों दिए गए थे।
अब 20 वर्ष बाद इसी गीत को उनकी सुपुत्री माहुरी शर्मा एव पुत्र शगुन शर्मा ने एक नए तरीके से प्रस्तुत किया। इस बार अंचल शर्मा के सुपुत्र शगुन शर्मा ने इसमें संगीत दिया है। लोगों ने पहले दी से खूब पसंद किया था और अब भी इसे खूब पसंद किया और उसी प्रकार यह वायरल हुआ। माहुरी शर्मा का गीत संगीत का सफर तब शुरू हुआ था जब वह मात्र चार साल की थीं। तभी से उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। वे अपने पिता और मां के साथ भजन व लोकगीत गाया करती थीं। संगीत के प्रति उनका लगाव बचपन से ही था क्योंकि उनके पिता अंचल शर्मा व माता ज्योति शर्मा दोनों ही छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक एवं गायिका हैं।
बचपन से ही उनके घर में गीत संगीत का माहौल बना रहता था। संगीत के इस सफर में माहुरी शर्मा ने कई प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया है व कुछ प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। कुछ प्रतियोगिताएं जैसे अरपा के सुर, सा रे गा मां पा, इंडियन आइडल जिसमें मुंबई ऑडिशन में टॉप 30 प्रतिभागियों में इनका नाम था। द वॉइस जैसे कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। माहुरी शर्मा ने लगभग 1000 से ज्यादा स्टेज शोज किए हैं। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश जैसे कई राज्यों में उन्होंने प्रदर्शन किया है| माहुरी शर्मा के अन्य भी कई छत्तीसगढ़ी लोकगीत हैं जिसे भी लोगों ने खूब पसंद किया है।