
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गांव में परिवार के साथ रहने के दौरान चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब एक लाख 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। घटना में चोरों ने घर के उस कमरे को निशाना बनाया, जिसमें परिवार के बड़े बेटे के जेवर आलमारी में रखे हुए थे।
रात में कमरे में ताला लगाकर परिवार दूसरे कमरे में सो रहा था। सुबह उठने पर कमरे का दरवाजा खुला और आलमारी बिखरी मिली। इसके बाद चोरी का पता चला। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस के अनुसार पंकज द्विवेदी (36) ग्राम मदनपुर में रहकर खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने कालेज तक पढ़ाई की है। उनके बड़े भाई दीपक द्विवेदी रायपुर में रहते हैं। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए दीपक अपनी पत्नी रूपा के साथ मदनपुर आए थे। त्योहार मनाने के बाद वे अपने सोने-चांदी के जेवर छोटे भाई के घर स्थित कमरे की आलमारी में रखकर वापस रायपुर चले गए थे।
पंकज ने बताया कि 27 नवंबर की रात करीब 11 बजे उन्होंने बड़े भाई के कमरे में ताला लगाया और परिवार के साथ बाजू के कमरे में सोने चले गए। 28 नवंबर की सुबह करीब चार बजे उठे तो बड़े भाई के कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी भी खुली हुई थी।
उसमें रखे दो सोने के हार, 12 सोने की फुल्ली, एक सेट झुमका, बिंदिया सेट, सोने की चेन, दो अंगूठी, एक सेट सोने की चूड़ी और चांदी के दो पायल, करधन व चूड़ा गायब थे। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है। पंकज ने घटना की जानकारी बड़े भाई, भाभी और पड़ोसियों को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।